हरभजन सिंह का एक भयानक वीडियो 17 साल बाद दुनिया के सामने आया है, जब उन्होंने IPL 2008 के दौरान तेज गेंदबाज श्रीसंत को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया था. IPL 2008 के दौरान किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के तत्कालीन तेज गेंदबाज एस श्रीसंत को हरभजन सिंह ने थप्पड़ मारा था, जो उस समय मुंबई इंडियंस के कप्तान थे. प्रेजेंटेशन सेरेमनी से पहले एस श्रीसंत को मैदान पर रोते हुए देखा गया था. जांच के बाद, हरभजन सिंह को बाकी के पूरे सीजन से बैन कर दिया गया और IPL गवर्निंग काउंसिल ने हरभजन सिंह को दोषी पाए जाने के बाद उनका वेतन रोक दिया था. BCCI ने हरभजन सिंह पर पांच वनडे का बैन भी लगाया था.
भयानक ‘थप्पड़-कांड’ का वीडियो आया सामने
हरभजन सिंह बनाम एस श्रीसंत विवाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास के सबसे काले और चर्चित अध्यायों में से एक है. 17 साल बाद यह कुख्यात ‘थप्पड़-कांड’ एक बार फिर चर्चा में आ गया है, जब आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने दावा किया कि उनके पास इस घटना का एक अनदेखा फुटेज है, जिसका खुलासा उन्होंने हाल ही में माइकल क्लार्क के बियॉन्ड23 क्रिकेट पॉडकास्ट पर किया. अब ललित मोदी ने इस घटना का एक अनदेखा वीडियो शेयर करके एक बार फिर बवाल खड़ा कर दिया है. माइकल क्लार्क ने जब इस विवाद के बारे में पूछा गया, तो ललित मोदी ने कहा, ‘ऐसा हुआ था. बिल्कुल. और मैं आपको बताऊंगा कि क्या हुआ था.’
(@RibelRana07) August 29, 2025
(@vinayjha7) August 29, 2025
17 साल बाद खुल गया राज
ललित मोदी ने कहा, ‘मेरा एक सिक्योरिटी कैमरा चालू था, क्योंकि मैं मैदान पर जा रहा था और उसने उस पल को कैद कर लिया. जब खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे, तो भज्जी ने श्रीसंत की तरफ देखा, कुछ कहा और उन्हें एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. फुटेज में यही दिख रहा है.’ ललित मोदी के अनुसार, जिस वीडियो को उन्होंने 17 साल तक अपने पास रखा है, उसमें कथित तौर पर वह पल कैद है, जिसे टीवी कैमरे नहीं देख पाए. ललित मोदी ने आगे कहा, ‘मैंने इसे इतने लंबे समय से सार्वजनिक नहीं किया था, लेकिन हां, ऐसा हुआ था.’
एस श्रीसंत ने हाल ही में कही थी ये बात
एस श्रीसंत ने खेल कमेंटेटर पदमजीत सेहरावत के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान हरभजन सिंह से जुड़ी घटना का भी जिक्र किया था. IPL 2008 में मोहाली में एक मैच के बाद हरभजन सिंह ने एस श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था. एस श्रीसंत ने बताया कि इस घटना ने उनके परिवार, खासकर उनकी बेटी की हरभजन सिंह के बारे में धारणा को प्रभावित किया था. एस श्रीसंत ने कहा, “जब मैंने अपनी बेटी से कहा कि यह भज्जी पा हैं और उन्होंने मेरे साथ खेला है तो उसने तुरंत कहा, ‘नहीं, नहीं, मैं हाय नहीं कहूंगी.’ मुझे समझ नहीं आया कि क्यों. स्कूल में, इस बारे में अजीबोगरीब बातचीत हुई होगी.”
(नोट: जी न्यूज इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है)