मारपीट के लिए उतारू प्लेयर्स पर चल गया हंटर, दिग्वेश और नीतीश की कट गई जेब, लगा भारी-भरकम जुर्माना

मारपीट के लिए उतारू प्लेयर्स पर चल गया हंटर, दिग्वेश और नीतीश की कट गई जेब, लगा भारी-भरकम जुर्माना


Nitish Rana vs Digvesh Rathi: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2025) के एलिमिनेटर मैच में वेस्ट दिल्ली लायंस ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को हरा दिया. इस मैच में भारतीय क्रिकेट नीतीश राणा ने शानदार शतक लगाया और अपने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया. मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली. यहां तक कि खिलाड़ी मारपीट पर उतारू हो गए थे. कई बार मुकाबले के दौरान अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा. मुकाबले के बाद अब खिलाड़ियों को गलत व्यवहार के लिए हर्जाना भरना पड़ा है.

DPL ने की सख्त कार्रवाई

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और वेस्ट दिल्ली लायंस के मैच के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के लिए खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 30 से 100 प्रतिशत तक का जुर्माना लगाया गया है. इस मैच के दौरान कई झड़पें हुईं, जिसके बाद DPL ने सख्त कार्रवाई की. दिल्ली प्रीमियर लीग ने पहले ही साफ कर दिया था कि हर खिलाड़ी को खेल भावना का सम्मान करना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source


ये भी पढ़ें: मुश्किल ही नहीं नामुमकिन…टेस्ट क्रिकेट के इन 10 महारिकॉर्ड को कोई नहीं तोड़ पाएगा!

किस खिलाड़ी पर लगा कितना जुर्माना?

कृष यादव (वेस्ट दिल्ली लायंस): कृष यादव को सबसे कड़ी सजा दी गई है, उन पर अपनी मैच फीस का 100% जुर्माना लगाया गया. उन पर यह जुर्माना ‘ऑडिबल ऑबसेनिटी’ यानी आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के लिए लगाया गया. DPL के बयान के अनुसार, ”कृष यादव पर विरोधी टीम के खिलाड़ी द्वारा अपशब्द कहने और बल्ले से खिलाड़ी की ओर इशारा करने के बाद मैच के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल के लिए आर्टिकल 2.3 (लेवल 2) के तहत आचार संहिता के उल्लंघन के लिए 100% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है.”

दिग्वेश राठी (साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स): दिग्वेश राठी पर आर्टिकल 2.2 (लेवल 2) के तहत ‘खेल भावना के विपरीत आचरण’ के लिए 80% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है.

नीतीश राणा (वेस्ट दिल्ली लायंस): नीतीश राणा पर मैच के दौरान ‘अभद्र, अपमानजनक या आपत्तिजनक हावभाव’ का उपयोग करने के लिए आर्टिकल 2.6 (लेवल 1) के तहत 50% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है.

अमन भारती (साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स): अमन भारती पर मैच के दौरान ‘ऑडिबल ऑबसेनिटी’ का इस्तेमाल करने के लिए आर्टिकल 2.3 (लेवल 1) के तहत 30% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है.

सुमित माथुर (साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स): सुमित माथुर पर आर्टिकल 2.5 (लेवल 1) के तहत ऐसी भाषा, हरकत या हावभाव का उपयोग करने के लिए 50% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है, जो किसी अन्य खिलाड़ी को उकसा सकती है.

मैदान पर धक्का-मुक्की

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 20 ओवरों में 201 रन बनाए. इसके बाद वेस्ट दिल्ली लायंस की पारी के दौरान कृष यादव का विकेट गिरने के बाद झड़प हुई, जिससे खेल कुछ समय के लिए रुक गया. कृष यादव ने अमन भारती की गेंद पर छक्का मारने की कोशिश की, लेकिन बाउंड्री के पास पकड़े गए. इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की और बहस हुई.

ये भी पढ़ें: बेंगलुरु भगदड़ के 87 दिन बाद RCB का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिवार को देगा इतने लाख, फैंस से किया ये वादा

दिग्वेश राठी और नीतीश राणा आमने-सामने

एक और विवाद दिग्वेश राठी और नीतीश राणा के बीच हुआ. जब राठी गेंदबाजी के लिए तैयार थे, तो नीतीश राणा ने उन्हें ताना मारा और कहा, “चल डालता रह चल.” इसके बाद राणा ने राठी को रिवर्स-स्वीप पर छक्का लगाया और गेंदबाज के खास “नोटबुक” सेलिब्रेशन की नकल की, जिससे दोनों के बीच गरमागरम बहस हुई. राणा आक्रामक रूप से राठी की ओर बढ़े, लेकिन साउथ दिल्ली के खिलाड़ियों ने उन्हें अलग किया. वेस्ट दिल्ली लायंस अब क्वालीफायर 2 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स से भिड़ेगी. इस मैच का विजेता फाइनल में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ खेलेगा.



Source link