श्योपुर में आकर्षक झांकियों के दर्शन करते श्रद्धालु।
गणेश चतुर्थी पर्व के अवसर पर श्योपुर शहर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का अनोखा माहौल देखने को मिल रहा है। दस दिवसीय इस उत्सव के तहत शहर के अधिकांश मोहल्लों में भगवान श्रीगणेश की स्थापना की गई है। गणेश प्रतिमाओं के समक्ष श्रद्धालुओं का तांता दिन-रात बन
.
आकर्षक झांकियों ने खींचा ध्यान
शुक्रवार रात शहर के कई प्रमुख इलाकों में आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया, जिसमें चूड़ी मार्केट, वार्ड 10 स्थित सीताराम मंदिर की गली और खरंजा रोड विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। यहां सजाई गई झांकियां देर रात तक लोगों का ध्यान आकर्षित करती रहीं। श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचकर झांकियों के दर्शन करते रहे। इन स्थानों पर देर रात तक श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखने को मिला।
महिलाओं ने भजनों से गूंजी गलियां
सीताराम मंदिर की गली में महिलाओं की ओर से आयोजित भजन-कीर्तन ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों से पूरा इलाका गूंज उठा। महिलाएं पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भगवान गणेश की महिमा का गुणगान कर रही थीं।
गणेश मंदिरों में अखंड कीर्तन
इसी प्रकार शहर के मुख्य बाजार और गणेश गली में भी धार्मिक आयोजन पूरे जोश और उत्साह से चल रहे हैं। यहां चोपड़ गणेश मंदिर और टोड़ी गणेश मंदिर में सात दिवसीय अखंड कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इन स्थलों पर स्थानीय भजन कलाकार अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो रहे हैं। कलाकारों की भक्ति धुनों पर श्रोता भी झूमते नजर आए।
भजन-कीर्तन में डूबे श्रद्धालु।
अनंत चतुर्दशी पर होगा विसर्जन
गणेशोत्सव के इन आयोजनों में न केवल शहरवासी, बल्कि आसपास के कस्बों और गांवों से भी लोग बड़ी संख्या में दर्शन करने पहुंच रहे हैं। झांकियों, सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों ने शहर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया है।
दस दिनों तक चलने वाले इस पर्व के दौरान गणेश मंदिरों और पंडालों में प्रतिदिन विशेष पूजन और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी पर भव्य शोभायात्रा के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। गणेशोत्सव की धूम ने शहर को पूर्ण रूप से भक्तिमय बना दिया है। श्रद्धा, आस्था और उत्साह से भरे इस माहौल ने सामाजिक सौहार्द और एकता का सुंदर संदेश भी दिया है।