परिजनों से मिली 80 वर्ष की बुजुर्ग महिला।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में एक बुजुर्ग महिला को पुलिस ने उनके परिवार से मिला दिया। सुखसागर बाई ठकरेले (80) अपने परिवार के 8 सदस्यों के साथ बालाघाट से दर्शन के लिए आई थीं।
.
रविवार को मंदिर में भीड़ अधिक थी। दर्शन के बाद पानी पीने के दौरान वह परिवार से बिछड़ गईं। कुछ लोग उन्हें महाकाल थाने ले आए। थाने के एएसआई चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने महिला के परिजन खोजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने महिला को आसपास ले जाकर परिजनों की तलाश की। इसके बाद फोटो और नाम सोशल मीडिया पर अपलोड किए। मंदिर के अंदर और बाहर भी सूचनाएं प्रसारित की गईं। करीब दो घंटे बाद भारत माता मंदिर के पास महिला के परिजन मिल गए।
परिवार को देखते ही सुखसागर बाई भावुक हो गईं। पुलिस ने उन्हें सांत्वना दी। परिजनों ने पुलिस की इस मदद के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस ने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर में भीड़ के कारण अक्सर बच्चे और बुजुर्ग अपने परिवार से बिछड़ जाते हैं।