टीम इंडिया 10 सितंबर से एशिया कप 2025 में अपने अभियान की शुरुआत करने वाली है. भारत का पहला मुकाबला यूएई से होना है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया इस टूर्नामेंट को जीतकर इतिहास रच सकती है. बता दें कि भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है. टी20 और वनडे फॉर्मेट में कुल मिलाकर भारत ने आठ बाद खिताबी जीत दर्ज की है. भारत एक बार टी20 फॉर्मेट में भी एशिया कप जीता है और इसी फॉर्मेट में आगामी टूर्नामेंट भी होना है. टीम इंडिया एशिया कप की डिफेंडिंग चैंपियन भी है. 2023 में मेजबान श्रीलंका को बुरी तरह धूल चटाकर भारत ने आठवीं बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाई.
भारत के पास गोल्डन चांस
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एशिया कप 2025 में इतिहास रचने का एक सुनहरा मौका है. अगर टीम इंडिया यह खिताब जीत जाती है, तो वह एक नया कीर्तिमान स्थापित कर देगी. दरअसल, भारत ट्रॉफी जीत जाता है तो यह टीम टी20 फॉर्मेट में दो बार एशिया कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी. अब तक दो बार इस फॉर्मेट में एशिया कप का आयोजन हुआ है. भारतीय टीम 2016 में टी20 फॉर्मेट के एशिया कप की विजेता बनी थी, जब पहली बार इस फॉर्मेट में टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था. वहीं, 2022 में श्रीलंका ने बाजी मारी. ऐसे में इन दोनों ही टीमों के पास इतिहास रचने का मौका होगा.
ये भी पढ़ें: रोहित-विराट का जबरदस्त क्रेज… ऑस्ट्रेलिया दौरे से 50 दिन पहले ही बिक गए सारे टिकट, इस दिन होगा पहला मैच
इन टीमों से भारत की भिड़ंत
अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच होने वाले मुकाबले से टूर्नामेंट की शुरुआत होगी. दुबई में 11 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 28 सितंबर को होने वाला फाइनल भी शामिल है. बचे 8 मैच अबू धाबी में खेले जाएंगे. टी20 फॉर्मेट में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट 8 टीमें होंगी. भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान को ग्रुप ए में रखा गया है. ग्रुप बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग शामिल हैं. भारत अपने ग्रुप ए के मैच 10 और 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में यूएई और पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा. ओमान और भारत के बीच होने वाला मैच खिलाफ 19 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में होगा.
ये भी पढ़ें: 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6, 6… 2 ओवर में 11 छक्के, भारत के इस खूंखार बल्लेबाज ने किया असंभव कारनामा
मैचों का समय बदला
एशिया कप में 19 मैच खेले जाने हैं, लेकिन वहां पड़ रही भीषण गर्मी मैचों के पूर्व निर्धारित समय बदलने की वजह बन गई है. मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमानों के अनुसार सितंबर में यूएई में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इस वजह से टूर्नामेंट के दिन-रात होने वाले सभी मैचों का समय भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे (स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे) से बदलकर भारतीय समयानुसार रात 8 बजे (स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे) कर दिया गया है. इस बदलाव से अप्रभावित एकमात्र मैच 15 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जो यूएई और ओमान के बीच है. ये मैच भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे (स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे) शुरू होगा.