इंदौर में फिर बारिश का दौर शुरू: सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश, 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश की संभावना – Indore News

इंदौर में फिर बारिश का दौर शुरू:  सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश, 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश की संभावना – Indore News



इंदौर में आज सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इंदौर और इसके आसपास के इलाकों में एक से दो दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। उनका कहना है कि अगस्त में इंदौर में भले ही कम बारिश हुई हो, सितंबर में प्रदेश में काफी बेहतर सिस्टम बनेंगे।

.

इंदौर में मानसून सीजन की औसत वर्षा 929.4 मिमी का कोटा पूरा होने के लिए अभी 314.4 मिमी बारिश की दरकार है। इंदौर में रविवार को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है।

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में एक द्रोणिका बीकानेर, गुना, दमोह, रायपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। वहीं उत्तर पश्चिम मप्र पर समुद्र तल की 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है।

2-3 सितंबर को भारी बारिश की संभावना

मध्य, राजस्थान पर चक्रवाती हवा का घेरा समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। दो सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके प्रभाव से इंदौर में दो या तीन सितंबर को मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

जगह- जगह सड़कों पर भरा पानी

इंदौर में तीन दिन से जारी बारिश से पश्चिम क्षेत्र स्थित मेट्रो स्टेशन 6 की सड़कों पर काफी पानी भर गया था। यहां जल निकासी के रास्ते नहीं छोड़े गए हैं। इससे कई वाहनों के पहिए आधे-आधे तक डूब गए और पानी घुसने से इंजन बंद हो गए थे। आधी रात के बाद यहां पानी कम हुआ।

बारिश के कारण हवा बंगला क्षेत्र की अनेक कॉलोनियों में जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी हुई और द्वारकापुरी, सांई बाबा नगर, विदुर नगर, प्रजापत नगर, गोंदवले धाम से लेकर तमाम इलाकों में जलजमाव के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। इसी प्रकार एरोड्रम क्षेत्र के राजनगर, कॉलानी नगर, व्यंकटेश विहार, अशोक नगर, अम्बिकापुरी, 60 फीट रोड सहित कई कॉलोनियों में पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत आ रही है।



Source link