कटनी जिला अस्पताल में सोमवार को जनरल ओपीडी में चार की जगह सिर्फ एक महिला डॉक्टर ने मरीजों को देखा। तीन डॉक्टर बिना सूचना के अनुपस्थित थे।
.
बता दें जिले में मौसम परिवर्तन के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। सुबह 9 बजे से ही ओपीडी में मरीजों की भीड़ जमा होने लगी।
मरीजों ने बताया कि वे सुबह 9 बजे से लाइन में लगे थे। 2 घंटे बाद भी उनकी बारी नहीं आई। दूर से आए मरीज प्रांशु द्विवेदी ने कहा कि वह दर्द से परेशान हैं, लेकिन उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि वे कलेक्टर कार्यालय की बैठक में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि अनुपस्थित डॉक्टरों की जांच की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।