प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस नेत्री और नरसिंहपुर नगर पालिका की पार्षद काजल सोनेलाल ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है।
.
काजल सोनेलाल सोमवार को कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकलीं और सीधे भाजपा महिला मोर्चा के विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गईं। वहीं पर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रामसनेही पाठक ने उन्हें भाजपा का अंग वस्त्र पहनाकर पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल कराया।
इस्तीफे की वजह बताई
अपने इस्तीफे की वजह बताते हुए काजल सोनेलाल ने कहा कि पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिलाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी और अब राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता के लिए अपशब्द कहे गए। उन्होंने इसे असहनीय और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ ऐसे बयानों से आहत होकर वह कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे रही हैं।
इस मौके पर भाजपा नेताओं और महिला मोर्चा के सदस्यों ने काजल सोनेलाल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के आपत्तिजनक बयानों से आहत होकर लोग अब भाजपा में अपनी आस्था जता रहे हैं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति काकोड़िया, उपाध्यक्ष अनीता ठाकुर, करेली नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला ममार और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
