राष्ट्रीय राजमार्ग बैतूल-इटारसी और बैतूल-हरदा की बदहाल स्थिति को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को कड़ी
.
जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री उईके और विधायक खंडेलवाल ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान तो स्थिति और भी विकट हो जाती है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही मार्गों की तत्काल मरम्मत की जाए।
विधायक खंडेलवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए और लोगों की असुविधा दूर हो। उन्होंने बरेठा घाट मार्ग पर बने गड्ढों और आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम का स्थायी समाधान निकालने पर भी जोर दिया।
15 सितंबर से शुरू होगा कार्य, 15 दिन में होगी मरम्मत
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि 15 सितंबर के बाद 15 दिनों के भीतर दोनों मार्गों की मरम्मत पूर्ण कर दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, एक माह के भीतर प्राथमिक मरम्मत कार्य पूरे कर दिए जाएंगे और फिर बारिश समाप्त होते ही संपूर्ण रिन्युवल का कार्य किया जाएगा।

बरेठा घाट का निरीक्षण किया
बैठक के बाद एसपी निश्चल झारिया और राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बरेठा घाट का निरीक्षण किया। यहां अक्सर लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए स्थायी समाधान की दिशा में मुआयना किया गया। जल्द ही वहां भी सुधार कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई।

बैठक में ये रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, घोड़ाडोंगरी विधायक गंगाबाई उईके, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल झारिया सहित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।