Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के आगाज में हफ्तेभर का समय बाकी है लेकिन ओपनिंग की माथापच्ची शांत होने का नाम नहीं ले रही है. बल्ले की धमक से संजू सैमसन ने ओपनिंग की गुत्थी और भी उलझा दी है. सभी के जहन में सवाल है कि संजू सैमसन टी20 में बेहतर हैं या शुभमन गिल, इसका अंदाजा टी20 आंकड़ों से लगाया जा सकता है. संजू सैमसन ने केरल क्रिकेट लीग 2025 में एक के बाद एक ताबड़तोड़ पारियों को अंजाम दिया है. लेकिन शुभमन गिल की एंट्री के बाद सैमसन की पोजीशन पर तलवार लटी हुई है.
कौन करेगा ओपनिंग?
शुभमन गिल को टीम इंडिया का उप-कप्तान चुना गया है. अभिषेक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन के दम पर ओपनिंग में जगह पहले ही पक्की कर रखी है. लेकिन दूसरे छोर की गुत्थी शुभमन गिल की एंट्री के बाद उलझी हुई है. ओपनिंग की रेस में शुभमन गिल आगे हो गए हैं. उन्होंने आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन कर रनों का अंबार लगा दिया था. सैमसन ने अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में रनों की बारिश की थी. इसके बावजूद उन्हें एशिया कप में मिडिल ऑर्डर में खिलाया जा सकता है.
आंकड़ों में कौन बेहतर?
टी20 इंटरनेशनल आंकड़ों से अंदाजा लगाएं तो संजू सैमसन ने गिल से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. सैमसन ने 42 मैच की 38 पारियों में 861 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका एवरेज 25.32 का रहा जबकि 152.38 स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है. सैमसन ने 38 पारियों में 3 शतकीय पारियां जबकि 2 फिफ्टी जमाई हैं. हाल ही में केरल क्रिकेट लीग में कोच्चि ब्लू टाइगर्स के लिए बतौर ओपनर धमाकेदार फॉर्म में दिखे. उन्होंने लगातार चार मैच जिताऊ पारियाँ खेली हैं. उन्होंने 51 गेंदों पर 121, 46 गेंदों पर 89, 37 गेंदों पर 62 और 41 गेंदों पर 83 रन। यानी लगातार चार अर्धशतक, जिनमें एक धमाकेदार शतक भी शामिल है.
ये भी पढ़ें.. Asia Cup 2025 से पहले फॉर्म में लौटा 27 साल का बल्लेबाज, शतक ठोक कप्तान को कर दिया खुश
गिल के कैसे हैं आंकड़े?
गिल के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अभी तक महज 21 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं जिसमें 30.42 की औसत और 139.27 के स्ट्राइक रेट से 578 रन ठोके हैं. उन्होंने 1 शतक जबकि 3 फिफ्टी ठोकी हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि गिल सैमसन का पत्ता एशिया कप में काटने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं.