Shubman Gill Asia Cup 2025: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने सोशल मीडिया पर पंजाब में आई हाल के इतिहास की सबसे खतरनाक बाढ़ पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने अपने गृह राज्य के लोगों के लिए एक भावुक संदेश लिखा. एशिया कप के लिए गिल जल्द ही टीम इंडिया के साथ यूएई के लिए रवाना होने वाले हैं. उससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दुख जाहिर किया.
शुभमन ने क्या लिखा?
शुभमन गिल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ”अपने पंजाब को बाढ़ से तबाह देखकर दिल टूट गया. पंजाब किसी भी आपदा से हमेशा ज्यादा मजबूत रहा है और हम इससे उबर जाएंगे. मेरी प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं. मैं अपने लोगों के साथ मजबूती से खड़ा हूं.”
Heartbroken to see my Punjab devastated by floods. Punjab will always be stronger than any adversity, and we’ll rise up from this. My prayers are with all affected families. Standing strong with my people
— Shubman Gill (@ShubmanGill) September 2, 2025
बाढ़ से पंजाब में भारी तबाही
पंजाब में आई बाढ़ ने अब तक कम से कम 29 लोगों की जान ले ली है, जबकि हजारों लोग बेघर हो गए हैं. भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण पंजाब के 10 से ज्यादा जिले पानी में डूब गए हैं. सतलुज, ब्यास और रावी नदियां हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अपने जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद उफान पर हैं. कुछ जगहों पर रावी नदी अपनी सामान्य चौड़ाई से दस गुना ज्यादा फैल गई है, जिससे घर डूब गए हैं, फसलें बर्बाद हो गई हैं और हजारों परिवार अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं.
ये भी पढ़ें: गौतम गंभीर के 9 मोस्ट फेवरेट…सचिन-कोहली से लेकर राहुल द्रविड़ तक का लिया नाम, धोनी को कर दिया इग्नोर
ये जिले हुए सबसे ज्यादा प्रभावित
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार, 1 सितंबर तक पंजाब के 1300 से ज्यादा गांव पानी में डूबे हुए थे और 6,582 लोगों को 122 राहत शिविरों में पहुंचाया गया था, पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, कपूरथला, तरन तारन, फिरोजपुर, होशियारपुर और अमृतसर जैसे जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी क्रिकेटर ने अचानक लिया संन्यास, एशिया कप में नहीं हुआ था सेलेक्शन, ऐसा रहा करियर
सेलेब्स ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
गिल के साथ पंजाबी फिल्म स्टार जैसे दिलजीत दोसांझ, एमी विर्क और सोनम बाजवा भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं. दिलजीत दोसांझ ने एनजीओ और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर गुरदासपुर और अमृतसर के दस गांवों को गोद लिया है, जहां उनकी टीम भोजन, पानी और चिकित्सा सहायता जैसी जरूरी चीजें पहुंचा रही है.