अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के थूबोन गांव की ग्रामीण बैंक शाखा में चोरी की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने बुधवार को मामले का खुलासा किया।
.
घटना 26 अगस्त की है। बैंक के पड़ोसी रघुवीर किरार ने शाखा प्रबंधक ओमप्रकाश मालवीय को बताया कि बैंक की शटर और चैनल के ताले टूटे हुए हैं।
जांच में पाया गया कि बॉल्ट रूम का ताला, अलमारी का हैंडल और कैमरा भी क्षतिग्रस्त थे। साथ ही, कैश सेफ और एफआरसी सेफ के ताले भी तोड़े जाने की कोशिश की गई थी।
एसपी विनीत कुमार जैन के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान हुई और विदिशा जिले के सिरोंज निवासी नासिर (37) व चंदेरी के खाई मोहल्ला माधव नगर निवासी गिरवर (30) को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल औजार भी जब्त किए गए।
एएसपी गजेन्द्र सिंह कवर और एसडीओपी शैलेन्द्र शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।