बैतूलबाजार में गणेश उत्सव का समापन गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ हुआ। मंगलवार रात तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अडिग रही। 500 साल पुरानी परंपरा के अनुसार दतकंधों के भजनों और जयघोषों के बीच विसर्जन संपन्न हुआ।
.
अस्थायी टेंट लगाकर निकला चल समाराेह
श्रद्धालु स्थापना स्थलों से प्रतिमाओं को डोलों में लेकर नगर भ्रमण पर निकले। परंपरागत भजनों के साथ यात्रा आगे बढ़ी। बारिश के दौरान भक्तों ने अस्थायी टेंट का प्रबंध कर यात्रा को जारी रखा। सभी श्रद्धालु सापना नदी के गणेश घाट तक पहुंचे।
बाजार चौक पर हुआ विशेष स्वागत
बाजार चौक पर डोलों और श्रद्धालुओं का विशेष स्वागत किया गया। चार डोलों में विराजमान गणेश प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनीं। घाट पर विधि-विधान से पूजन के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

“अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे लगे
भारी वर्षा के बावजूद देर रात तक घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमी रही। “अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। राठौर परिवार की ओर से भक्तों को प्रसाद और स्वल्पाहार वितरित किया गया।
श्रद्धालुओं ने इस परंपरा को नगर की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। बुजुर्गों के मार्गदर्शन में नई पीढ़ी भी इस 500 वर्ष पुरानी धरोहर को आगे बढ़ा रही है।