वेट लॉस से लेकर हड्डियों को मजबूत बनाने तक… रोज सुबह पीएं ये पानी, BP पेशेंट के लिए तो वरदान!

वेट लॉस से लेकर हड्डियों को मजबूत बनाने तक… रोज सुबह पीएं ये पानी, BP पेशेंट के लिए तो वरदान!


Kishmish Water Benefits: आजकल बदलती दिनचर्या और गलत खानपान की वजह से हाई ब्लड प्रेशर एक आम समस्या बन गई है. दवाइयों के साथ लोग घरेलू नुस्खों का सहारा लेना भी पसंद करते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है रातभर भिगोई हुई किशमिश का पानी. आयुर्वेद और आधुनिक हेल्थ रिसर्च दोनों ही इसे सेहत के लिए बेहद लाभकारी मानते हैं. खासकर हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए यह किसी अमृत से कम नहीं है.

क्यों खास है किशमिश का पानी?
डॉक्टर अनिल पटेल ने कहा कि किशमिश में विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर पाए जाते हैं. जब इसे रातभर पानी में भिगो दिया जाता है तो इसके सारे पोषक तत्व पानी में घुल जाते हैं. सुबह खाली पेट इस पानी को पीने से शरीर को सीधा पोषण मिलता है और यह कई बीमारियों से बचाव करता है.

हाई ब्लड प्रेशर कैसे करता है कंट्रोल?
किशमिश में पोटैशियम की मात्रा बहुत अधिक होती है. पोटैशियम शरीर में सोडियम के प्रभाव को संतुलित करता है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है. रोजाना इसका सेवन करने से न केवल ब्लड प्रेशर बैलेंस होता है, बल्कि हृदय की मांसपेशियां भी मजबूत बनती हैं. यह खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और धमनियों को साफ रखने में मदद करता है. 2013 में हुए एक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग लगातार बारह हफ्ते तक किशमिश का सेवन करते रहे, उनमें ब्लड प्रेशर के स्तर में उल्लेखनीय कमी देखी गई, इसलिए यह कहा जा सकता है कि यह साधारण सा नुस्खा लंबे समय तक दिल की सेहत के लिए फायदेमंद है.

हड्डियों को बनाए मजबूत
किशमिश का पानी सिर्फ ब्लड प्रेशर ही नहीं बल्कि हड्डियों के लिए भी उपयोगी है. इसमें मौजूद कैल्शियम और बोरॉन हड्डियों को मजबूती प्रदान करते हैं. बढ़ती उम्र में जब हड्डियां कमजोर होने लगती हैं, तब यह पानी ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्या से बचाने में मददगार साबित होता है.

पाचन तंत्र रहेगा दुरुस्त
सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पीने से पाचन क्रिया बेहतर होती है. इसमें मौजूद फाइबर पेट साफ करने और कब्ज की समस्या से राहत दिलाने में मदद करता है. साथ ही यह गैस और एसिडिटी जैसी परेशानियों को भी कम करता है.

वजन घटाने में मददगार
डॉक्टर अनिल पटेल कहते है कि,जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए भी यह पानी रामबाण है. यह मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है और ज्यादा कैलोरी जलाने में मदद करता है. साथ ही यह भूख को नियंत्रित करता है, जिससे बार-बार खाने की आदत कम हो जाती है.

इम्यूनिटी को बढ़ाए
किशमिश का पानी एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो शरीर में फ्री रेडिकल्स को कम करते हैं. इससे प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी मजबूत होती है और बार-बार होने वाले संक्रमण से बचाव मिलता है.

कैसे बनाएं किशमिश का पानी?
रात को सोने से पहले लगभग बीस से तीस किशमिश एक गिलास पानी में भिगो दें. सुबह खाली पेट उस पानी को पिएं और चाहें तो भीगी हुई किशमिश भी खा लें, नियमित रूप से इसे पीने पर कुछ ही हफ्तों में आपको फर्क महसूस होगा.

इन बातों का रखें ध्यान
हालांकि किशमिश का पानी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है, लेकिन किसी भी नुस्खे की तरह इसे भी सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए. मधुमेह के मरीज इसे डॉक्टर की सलाह लेकर ही सेवन करें क्योंकि किशमिश में प्राकृतिक शुगर होती है.



Source link