इंदौर में आज कांग्रेस की वोट चोरी विरोध यात्रा: नवनियुक्त अध्यक्षों के पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टोरेट का घेराव करेंगे कार्यकर्ता – Indore News

इंदौर में आज कांग्रेस की वोट चोरी विरोध यात्रा:  नवनियुक्त अध्यक्षों के पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टोरेट का घेराव करेंगे कार्यकर्ता – Indore News



इंदौर में गुरुवार को कांग्रेस वोट चोरी विरोध यात्रा निकालेगी। यात्रा को लेकर कांग्रेस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।

.

वहीं इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष व जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद सभा होगी।

सभा के बाद वोट चोरी विरोध यात्रा निकाली जाएगी। जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टोरेट ऑफिस का घेराव करेंगे।

मोतीतबेला में होगी जनसभा

लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारियों की आवाज को बुलंद करने के लिए कांग्रेस वोट चोरी विरोध यात्रा निकाल रही है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11.30 बजे राजबाड़ा पर मां अहिल्या बाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। मल्यार्पण के बाद 11.45 बजे गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय पर इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष विपिन वानखेड़े अपना पदभार ग्रहण करेंगे।

पदभार ग्रहण आयोजन के बाद दोपहर 12 बजे मोतीतबेला चौराहे पर सभा आयोजित की गई है। इस सभा के बाद यहीं से वोट चोरी विरोध यात्रा की शुरुआत होगी। यात्रा यहां से शुरू होकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचेगी। जहां कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा। इस आयोजन में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी व कांग्रेस नेता इसमें शामिल होंगे।

जन जागरण अभियान शुरू किया गया इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि कांग्रेस के द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर वोट चोरी के विरोध में जन जागरण अभियान शुरू किया गया है। प्रदेश और देश में सत्ता रूढ़ भारतीय जनता पार्टी के द्वारा चुनाव में वोट की चोरी कर सफलता हासिल करने का काम किया जा रहा है।

इसके विरोध में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में जन जागरण अभियान शुरू हुआ है। चौकसे ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में इंदौर में 4 सितंबर को आंदोलन होगा।

इस आंदोलन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। मध्य प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के द्वारा फर्जी मतदाताओं के माध्यम से गड़बड़ी की गई है। चौकसे ने बताया कि इस आंदोलन के साथ इंदौर क्षेत्र में भी जनता को भाजपा की वोट चोरी से अवगत कराने का अभियान शुरू होगा।



Source link