Rohit Sharma Virat Kohli: टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब रोहित शर्मा और विराट कोहली की नजर वनडे क्रिकेट में तहलका मचाने पर है. टीम इंडिया के दोनों दिग्गज अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान मैदान पर नजर आ सकते हैं. खबरों की मानें तो कोहली और रोहित इस दौरे के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं. कोहली ने लंदन तो रोहित ने बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट पास किया है.कुछ रिपोर्टों का कहना है कि मौजूदा टीम मैनेजमेंट नहीं चाहता कि ये दोनों ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद खेलना जारी रखें. 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में दोनों की उम्र 39 और 40 होगी. ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि क्या वे तब तक खेल पाएंगे.
कोई नहीं बता सकता कब लेना है संन्यास
इन सब अटकलों के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर दीप दासगुप्ता ने ज़ोर देकर कहा है कि किसी को यह अधिकार नहीं है कि वह रोहित और कोहली को बताए कि उन्हें कब संन्यास लेना चाहिए. रेव्सपोर्ट्ज से बात करते हुए दासगुप्ता ने कहा, ”किसी को यह अधिकार नहीं है. हमने उन्हें क्रिकेट शुरू करने के लिए नहीं कहा था, इसलिए हम उन्हें यह बताने वाले कोई नहीं होते कि कब रुकना है. वे तभी रुकेंगे जब उन्हें रुकना होगा. यह पूरी तरह से उन पर निर्भर करता है.”
उम्र नहीं होना चाहिए मापदंड
दासगुप्ता ने कहा कि उम्र नहीं, बल्कि प्रदर्शन ही चयन का एकमात्र मापदंड होना चाहिए. उन्होंने कहा, ”जहां तक चयन की बात है तो हम एक प्रदर्शन पर निर्भर इंडस्ट्री हैं. आप प्रदर्शन करते रहिए, आप बने रहेंगे. इसमें कोई शक नहीं है. मैंने हाल ही में रोहित की तस्वीरें देखी हैं, वह फिट दिख रहे हैं और आने वाली चुनौती के लिए तैयार हैं.”
ये भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल-श्रेयस अय्यर बुरी तरह फेल…धोनी के ‘चेलों’ ने मचाया गदर, सुपरस्टार ने ठोका शतक
मैच फिट रहने के लिए विकल्प
अगले 12 महीनों में वनडे मैचों की कमी को देखते हुए दासगुप्ता का मानना है कि रोहित और कोहली को मैच फिट रहने के लिए आईपीएल के अलावा विदेशों में खेलने का विकल्प तलाशना चाहिए. उन्होंने कहा, ”उदाहरण के लिए, आईपीएल दो महीने तक चलेगा. फिर वे 7-8 वनडे खेलेंगे. इसके बीच में विजय हजारे ट्रॉफी है. फिर अगर वे चाहें तो इंग्लैंड में 50 ओवर के मैच खेलने जा सकते हैं. तो आपके पास क्रिकेट खेलना जारी रखने के विकल्प हैं, भले ही वह इंटरनेशनल स्तर पर न हो.”
ये भी पढ़ें: ICC टेस्ट रैंकिंग के ऑलटाइम टॉप-10 बॉलर…नंबर-1 पर अनजान क्रिकेटर, लिस्ट में कपिल देव-बुमराह नहीं
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका भी ऑप्शन
दासगुप्ता ने यह कहकर अपनी बात खत्म की है कि अगर दोनों योग्यता मानदंडों को पूरा करते हैं, तो उन्हें ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में लीग क्रिकेट खेलने के विकल्पों पर विचार करना चाहिए और इंग्लैंड भी एक वास्तविक संभावना है. उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि यह संभव है या नहीं, लेकिन शायद वे दक्षिण अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया जाकर कुछ 50 ओवर के मैच खेल सकते हैं. मुझे इंग्लैंड के नियमों के बारे में पता है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बारे में नहीं. लेकिन मुख्य बात तो उनकी भूख है. अगर वे भूखे हैं, तो उन्हें रास्ता मिल ही जाएगा.”