अलीराजपुर में जश्न-ए-मिलाद उन नबी के अवसर पर एकता नगर में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद शुरू हुए इस शिविर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 112 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
.
इस अवसर पर युवा मुस्लिम समाज को सामाजिक संस्थाओं, नगर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और प्रशासन का सहयोग मिला। शिविर के आयोजक मंडल के प्रमुख टीजे चंदेरी ने कहा कि इंसानियत की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। इसमें मुस्लिम युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ब्लड डोनर को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
स्वास्थ्य विभाग के डॉ. प्रवीण रेवड़िया ने बताया कि अलीराजपुर में यह पहला मौका था जब एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में रक्तदान हुआ। शिविर में 150 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया, लेकिन समय सीमा के कारण केवल 112 यूनिट रक्त ही लिया जा सका।
शाम 7 बजे तक चले इस शिविर में शहर काजी सैयद हनीफ मियां और सैयद अशफाक मियां ने भी पहुंचकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की योजना बनाई है।