ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने हाल ही में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. मिचेल स्टार्क ने अब दुनिया के सामने सबसे बड़ा राज खोल दिया है. मिचेल स्टार्क ने अपने संन्यास की असल वजह को उजागर कर दिया है. मिचेल स्टार्क ने साफ किया कि उनकी नजर 2027 के वनडे वर्ल्ड कप पर है. मिचेल स्टार्क साथ ही अपने शरीर को टेस्ट क्रिकेट के लिए तैयार रखना चाहते हैं.
स्टार्क ने दुनिया के सामने खोल दिया बड़ा राज
मिचेल स्टार्क ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा, ‘मैं इस बात को लेकर असमंजस में था कि कौन सा फॉर्मेट छोड़ना सही होगा. मुझे अब भी लगता है कि मेरे पास उस वनडे टीम (2027 वर्ल्ड कप की टीम) को देने के लिए बहुत कुछ है. मैंने इस बारे में काफी समय तक सोचा था. मुझे लगता है कि शायद यह सही समय था. मैं अब 35 साल का हूं, टेस्ट हमेशा से मेरी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी. मैं ज्यादा से ज्यादा टेस्ट क्रिकेट के लिए अपने शरीर का भरपूर इस्तेमाल करना चाहता हूं.’
संन्यास की असल वजह को अचानक किया उजागर
मिचेल स्टार्क ने कहा, ‘मुझे लगता है कि मेरे पास वनडे टीम को देने के लिए बहुत कुछ है, मेरा लक्ष्य 2027 तक अपनी फिटनेस बनाए रखना है और साथ ही 2027 में वर्ल्ड कप के लिए उस टीम में जगह बनाने के लिए भी पर्याप्त अच्छा होना है. मुझे लगता है कि टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट लेना मेरे टेस्ट करियर को लंबा करने और 2027 वर्ल्ड कप तक पहुंचने के लिए मेरा सबसे अच्छा मौका है.’
ऑस्ट्रेलिया की T20I टीम एक बेहतरीन स्थिति में
मिचेल स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा T20I टीम के बारे में कहा, ‘T20I टीम उन खिलाड़ियों के साथ काफी व्यवस्थित लगती है, जो अभी-अभी टीम में आए हैं, उन्होंने कुछ बेहतरीन प्रदर्शन किया है. नाथन एलिस शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. बेन ड्वार्शिस ने शानदार रोल निभाया है. स्पेंसर जॉनसन ने जब-जब खेला है तो कुछ अच्छा प्रदर्शन किया है. सीन एबॉट ने भी. मुझे लगता है कि T20I टीम एक बेहतरीन स्थिति में है और मुझे इसमें दखल देने की जरूरत नहीं है.’