गावस्कर केरल के इस धाकड़ खिलाड़ी को अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते देखना चाहते हैं.
गिल के टी-20 टीम में उप कप्तान के रूप में वापसी करने के बाद यह तय था कि उन्हें फिर से पारी आगाज करने का मौका मिलेगा. टीम प्रबंधन के सामने अब मुश्किल फैसला है कि सैमसन को अंतिम एकादश में रखा जाए या उनके लिए शीर्ष तीन में जगह बनाई जाए या फिर जितेश शर्मा को खिलाया जाए जो फिनिशर की भूमिका से अच्छी वाकिफ हैं. गावस्कर ने नौ सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले कहा:
अगर आप संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को कोर टीम में लेते हैं तो आप उन्हें रिजर्व में नहीं छोड़ सकते. हां, मुझे लगता है कि किसी भी चयन समिति के लिए यह एक बहुत बड़ा सिरदर्द है कि आपके पास दो काबिल बल्लेबाज हों और संजू सैमसन जैसा कोई खिलाड़ी हो जो शायद तीसरे नंबर पर भी बल्लेबाजी कर सके और जरूरत पड़ने पर छठे नंबर पर ‘फिनिशर’ के तौर पर उतर सके. और जितेश ने आईपीएल में भी अच्छा प्रदर्शन किया है जहां वह बहुत अच्छा खेले. मुझे लगता है कि यह दौरे की चयन समिति के लिए एक सुखद सिरदर्द है.
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘लेकिन मुझे लगता है कि शायद सैमसन को कम से कम पहले कुछ मैचों के लिए जितेश से पहले मौका मिल जाएग और फिर बाकी टूर्नामेंट में उनकी फॉर्म पर निर्भर करेगा, लेकिन मुझे लगता है कि ऐसा ही होगा.’
उन्होंने कहा, ‘इसलिए मुझे लगता है कि शायद वे उन्हें (सैमसन) तीसरे नंबर पर और तिलक को पांचवें या छठे नंबर पर फिनिशर के रूप में रखने के बारे में सोच रहे होंगे, क्योंकि हार्दिक (पंड्या) भी टीम में हैं. इसलिए हार्दिक शायद फिर से पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे.’