गणपति विसर्जन में उमड़ी भक्तों की भीड़: नाच-गाकर और नम आंखों से दी बप्पा को विदाई, जादमी पुलिया पर हुआ विसर्जन – shajapur (MP) News

गणपति विसर्जन में उमड़ी भक्तों की भीड़:  नाच-गाकर और नम आंखों से दी बप्पा को विदाई, जादमी पुलिया पर हुआ विसर्जन – shajapur (MP) News


शाजापुर में दस दिवसीय गणेशोत्सव का समापन शनिवार को गणपति विसर्जन के साथ हुआ। भक्तों ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी। शहर की गलियों में ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयकारे गूंजते रहे।

.

विभिन्न गणेशोत्सव समितियों ने बैंड-बाजों की धुन पर नृत्य करते हुए विसर्जन जुलूस निकाला। कुछ भक्त मंगलमूर्ति को सिर पर लेकर चल रहे थे। कुछ वाहनों में प्रतिमाएं सजाकर लाए। आकाश में अबीर-गुलाल की बौछार से माहौल रंगीन हो गया।

प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जादमी पुलिया स्थित विसर्जन स्थल पर पुलिस बल तैनात था। पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई थी। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए गोताखोर दल भी मौजूद था।

विसर्जन स्थल पर पहुंचकर भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। फिर प्रतिमाओं को लखुंदर नदी में विसर्जित किया गया। भक्तों ने ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ की कामना के साथ बप्पा को विदाई दी। जिस उत्साह से दस दिन पहले मूर्तियों की स्थापना की गई थी, उसी श्रद्धा से विसर्जन भी किया गया।

मिट्टी के गणेश का घरों में किया विसर्जन

इस वर्ष नगरवासियों ने पीओपी के बजाए अधिकांश स्थानों और अपने घरों पर हाथों से मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं बनाकर विराजित की थी। जिनका विसर्जन भी गमलों और अपने घर के बगीचों में की। खत्रीपुरा निवासी दुर्गा भावसार ने अपने पोते-पोतियों के साथ अपने घर में ही मिट्टी के गणेश का पूजन कर विधि-विधान से अपने बगीचे में प्रतिमा का विसर्जन कर बप्पा से अगले बरस जल्दी आने की कामना की।

यहां भी किया बप्पा का विसर्जन

शनिवार को जादमी पुलिया पर ही नहीं बल्कि कई लोगों ने ग्राम नैनावद, ग्राम तालाब का खेड़ा पर भी प्रतिमाओं का विसर्जन किया। यहां भी प्रशासन व रेस्क्यू दल मौजूद था ताकि कोई हादसा न हो और नगरवासी पर्व धूमधाम से मना सके।



Source link