वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गए जोकोविच, 25वां ग्रैंडस्लैम हाथ से फिसला, टेनिस के इतिहास में अमर हो जाता नाम

वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गए जोकोविच, 25वां ग्रैंडस्लैम हाथ से फिसला, टेनिस के इतिहास में अमर हो जाता नाम


टेनिस की दुनिया के धुरंधर खिलाड़ी नोवाक जोकोविच के साथ यूएस ओपन 2025 के सेमीफाइनल में अनहोनी हो गई. सर्बियाई टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच का 25वां ग्रैंडस्लैम जीतने का सपना चकनाचूर हो गया है. नोवाक जोकोविच शनिवार को स्पेन के टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज के खिलाफ यूएस ओपन का पुरुष एकल सेमीफाइनल मुकाबला हार गए. कार्लोस अल्काराज ने 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता नोवाक जोकोविच को 6-4, 7-6 (4), 6-2 से हरा दिया और यूएस ओपन 2025 के फाइनल में जगह बना ली.

वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गए जोकोविच

नोवाक जोकोविच टेनिस के इतिहास में एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से दूर रह गए. नोवाक जोकोविच को यूएस ओपन के सेमीफाइनल में कार्लोस अल्कराज ने मात दी और वह 25वां ग्रैंडस्लैम जीतने से चूक गए. अगर नोवाक जोकोविच यूएस ओपन जीत लेते तो वह मेंस या विंमेन किसी भी कैटेगरी में सबसे ज्यादा 25 ग्रैंडस्लैम जीतने वाले दुनिया के पहले टेनिस खिलाड़ी बन जाते. फिलहाल वह ऑस्ट्रेलिया की महान टेनिस खिलाड़ी मार्गरेट कोर्ट के साथ 24-24 ग्रैंडस्लैम जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी पर हैं.

Add Zee News as a Preferred Source


फाइनल में सिनर vs अल्काराज

यूएस ओपन के मेंस सिंगल्स फाइनल में इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर और स्पेन के टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज के बीच महामुकाबला होगा. यानिक सिनर ने यूएस ओपन के मेंस सिंगल्स फाइनल में जगह बना ली है. डिफेंडिंग चैंपियन यानिक सिनर ने सेमीफाइनल में 25वीं वरीयता प्राप्त फेलिक्स ऑगर-अलियासिम को 6-1, 3-6, 6-3, 6-4 से शिकस्त दी. दूसरी ओर, कार्लोस अल्काराज आर्थर ऐश स्टेडियम में 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच को मात देकर फाइनल में पहुंचे हैं.

सेमीफाइनल में सिनर को चुनौती का सामना करना पड़ा

यानिक सिनर को सेमीफाइनल मैच के पांचवें गेम में थोड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने तेजी से लय हासिल की और सर्विस बचाते हुए पहला सेट आसानी से अपने नाम कर लिया. कनाडाई खिलाड़ी फेलिक्स ऑगर-अलियासिम दूसरी बार यूएस ओपन सेमीफाइनल में उतरे थे. उन्होंने दूसरे सेट में वापसी करते हुए 5-3 की बढ़त लेकर सेट जीता और स्कोर बराबर कर दिया. तीसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन यहां से मोमेंटम फिर से सिनर की ओर मुड़ गया.

कुछ मौकों पर लड़खड़ाए यानिक सिनर

मेडिकल टाइमआउट लेने के बाद सिनर ने दोबारा लय हासिल कर ली और तीसरा सेट जीतकर बढ़त बनाई. चौथे सेट में भी उन्होंने अहम मौकों पर शानदार सर्विस करते हुए अलियासिम की वापसी की कोशिशों को नाकाम किया और मुकाबला जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर ली. अपनी सटीकता के लिए मशहूर सिनर भले ही कुछ मौकों पर लड़खड़ाए, लेकिन आखिर तक मजबूती से टिके रहे. इसी के साथ उन्होंने लगातार तीसरे ग्रैंड स्लैम फाइनल में स्पेनिश स्टार अल्काराज से भिड़ने का मौका हासिल कर लिया.

सिनर ने एक सीजन में 4 ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह बनाई

इस जीत के साथ यानिक सिनर ओपन एरा में ऐसे चौथे खिलाड़ी बने, जिन्होंने एक ही सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह बनाई. सिनर से पहले यह उपलब्धि रॉड लेवर, रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच ने हासिल की थी. यानिक सिनर ने जीत के बाद खुशी जताते हुए कहा, यह सीजन कमाल का रहा है. ग्रैंड स्लैम हमारे लिए सबसे अहम टूर्नामेंट होते हैं. शानदार दर्शकों के बीच खुद को एक और फाइनल में देखना, खासकर इस सीजन के आखिरी फाइनल में, इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता.



Source link