छिंदवाड़ा में देहात थाना क्षेत्र मे गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक घटना सामने आई है। देहात थाना अंतर्गत खेरवाड़ा क्षेत्र में कुलबहरा नदी के चारगांव घाट पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन करते समय शनिवार की शाम 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई।
.
मृतक की पहचान गुरैया निवासी नीरज कन्हैया भट्ट (22) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नीरज गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने नदी में उतरा था। इसी दौरान नदी में पानी अधिक गहरा होने के कारण वह डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बमुश्किल आधे घंटे बाद पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
युवक को अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
युवक को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण नदी में गहराई और विसर्जन के दौरान हुई अनदेखी प्रतीत हो रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।