भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक बड़ा ऐलान किया है. दरअसल, ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इसी महीने होने वाले मल्टी-डे मुकाबलों के लिए श्रेयस अय्यर को इंडिया ए का कप्तान नियुक्त किया है. BCCI ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. स्टार बल्लेबाज केएल राहुल और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज दूसरे मुकाबले के लिए टीम से जुड़ेंगे. श्रेयस अय्यर को 9 सितंबर से यूएई में शुरू हो रहे एशिया कप के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी.
लगातार अनदेखी के बाद मिला मौका
श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम के लिए लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है. उन्हें जून-जुलाई में खेली गई भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए भी टीम में जगह नहीं मिली. इतना ही नहीं, व्हाइट बॉल क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद इस स्टार बल्लेबाज को आगामी एशिया कप के लिए भी टीम में नहीं चुना गया. सेलेक्टर्स के इस फैसले की काफी आलोचना भी हुई. हालांकि, अब उन्हें ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए इंडिया-ए का कप्तान बनाया गया है.
— BCCI (@BCCI) September 6, 2025
इंडिया-ए की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (उपकप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, हर्ष दुबे, आयुष बडोनी, नीतीश कुमार रेड्डी, तनुष कोटियन, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, खलील अहमद, मानव सुथार, यश ठाकुर.