बड़वानी की सड़कों पर सुबह झमाझम बारिश से पानी।
बड़वानी में मानसून के अंतिम माह सितंबर में बारिश ने एक बार फिर दस्तक दी है। शनिवार रात 2.30 बजे से शुरू हुई रिमझिम बारिश सुबह 7.30 बजे तक झमाझम में बदल गई। इससे शहर की सड़कों पर पानी बह निकला और नालों में उफान आ गया।
.
अगले 24 घंटों में जिले में ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई है। भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिले में औसत 0.7 इंच वर्षा दर्ज की गई। जिले के 10 वर्षामापी केंद्रों में सेंधवा में सर्वाधिक 2.44 इंच बारिश हुई। पानसेमल में 1.77 इंच और निवाली में 1.15 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई।
जून से अब तक 26.5 इंच वर्षा दर्ज
1 जून से अब तक जिले में कुल 672.6 मिमी यानी 26.5 इंच वर्षा हुई है। यह औसत वर्षा 746.3 मिमी (29.38 इंच) से लगभग साढ़े तीन इंच कम है। पिछले साल इसी अवधि में 28.7 इंच बारिश हुई थी। इस वर्ष केवल ठीकरी क्षेत्र में ही पिछले साल की तुलना में दो इंच अधिक बारिश हुई है।
पिछले साल की तुलना में 8 इंच कम बारिश
निवाली और पानसेमल में इस बार पिछले साल की तुलना में 8-8 इंच कम बारिश दर्ज की गई है। सेंधवा और वरला में भी वर्षा का आंकड़ा पिछले साल से कम है। वर्तमान बारिश से पहाड़ियों पर हरियाली छा गई है और झरनों की रफ्तार बढ़ गई है। हालांकि, जलस्रोतों और तालाबों में कोई विशेष सुधार नहीं दिखा है।
सेंधवा में रिकॉर्ड 2.44 इंच बारिश दर्ज।

नालों में उफान आया और जलभराव से शहरवासियों को परेशानी।