श्री 1008 भगवान महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, साकेत नगर में रविवार को क्षमा वाणी पर्व धूमधाम और श्रद्धा से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में आयोजित सामूहिक क्षमायाचना एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री कृष्णा गौर मौजूद रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में जॉइंट कलेक्टर आदित्य जैन, पं. अरविंद शास्त्री, वार्ड पार्षद सुरेंद्र वाडिका, प्रताप सिंह बैस, नीरज जैन, सुनील द्विवेदी और पंचायत कमेटी अध्यक्ष मनोज बांगा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
मुख्य द्वार और बाउंड्री वॉल की घोषणा
मंत्री कृष्णा गौर ने कार्यक्रम में कहा कि क्षमावाणी पर्व हमें आंतरिक शुद्धि और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने मंदिर परिसर में मुख्य द्वार एवं बाउंड्री वॉल निर्माण की घोषणा की और धर्मशाला में लिफ्ट का उद्घाटन भी किया। गौर ने अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए बन रही धर्मशाला की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की अनूठी मिसाल बताया।
प्रख्यात विद्वान पं. अरविंद शास्त्री ने अपने प्रवचन में कहा कि क्षमावाणी का पर्व मन की कलुषता को धोने और संबंधों को जोड़ने का पर्व है। क्षमा मांगने से व्यक्ति छोटा नहीं होता, बल्कि बड़ा बनता है। आत्मा का स्वभाव क्षमा है और क्रोध उसका शत्रु। इसलिए हर प्राणी के प्रति दया और मैत्री भाव रखना चाहिए।
क्षमा वाणी पर्व में मंत्री कृष्णा गौर हुईं शामिल।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र समारोह में जैन पाठशाला की शिक्षिकाएं डॉ. पारुल जैन और डॉ. प्रज्ञा जैन को बच्चों में जैन संस्कारों के बीजारोपण के लिए सम्मानित किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, वहीं लड्डू सजाओ और तोरण सजाओ प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। समाज के मेधावी विद्यार्थियों और दसलक्षण पर्व पर उपवास साधकों का भी सम्मान किया गया।
समारोह के अंत में समाजजन ने एक-दूसरे से क्षमा याचना कर आपसी गिले-शिकवे दूर किए। साथ ही, अपोलो सेज हॉस्पिटल और ASG आई हॉस्पिटल द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। जिसमें आंखों की जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य टेस्ट किए गए।
करीब 150 लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारुल जैन और डॉ. नेहल शाह ने किया। अध्यक्ष नरेंद्र टोंग्या ने मार्गदर्शन दिया, जबकि आभार प्रदर्शन पी.सी. जैन ने किया। सामूहिक भोज के साथ समारोह का समापन हुआ।

दोपहर में बच्चों का जैनत्व बीजारोपण संस्कार कराया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दानिश कुंज में जैनत्व बीजारोपण संस्कार शिविर सम्पन्न
उधर, दानिश कुंज, भोपाल में भारत गौरव सहस्र कूट ज्ञानतीर्थ प्रणेत्री गणिनी आर्यिका गुरु माँ विज्ञाश्री माताजी ससंघ के सान्निध्य में जैनत्व बीजारोपण संस्कार शिविर आयोजित हुआ। माताजी के मुखारविंद से अभिषेक शांतिधारा के बाद 10, 5, 6, 7 एवं 3 उपवास करने वाले तपस्वियों का सम्मान समाज द्वारा किया गया।
पारणा का सौभाग्य बृजेन्द्र जैन परिवार को प्राप्त हुआ। माताजी ने धर्मोपदेश देते हुए कहा कि तप से जीवन पावन होता है, इसे व्यर्थ न गंवाएं। दोपहर में 18 वर्ष तक के बच्चों का जैनत्व बीजारोपण संस्कार कराया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।