एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की 14 सितंबर को भारत से टक्कर होनी है. इस भिड़ंत से पहले पाकिस्तान के हौसले बुलंद हैं. सलमान आगा की अगुवाई वाली टीम ने यूएई टी20 इंटरनेशनल ट्राई सीरीज के फाइनल में अफगानिस्तान को शिकस्त देकर जीत दर्ज की. इस ट्राई सीरीज में पाकिस्तान की टक्कर अफगानिस्तान और यूएई से थी. फाइनल में अफगानिस्तान को 75 रन से हरा दिया. इस मुकाबले में एक स्पिनर ने अपनी फिरकी का ऐसा जाल बिछाया कि एक के बाद एक बल्लेबाज उसमें फंसते चले गए. ये गेंदबाज आगामी एशिया कप में भारत के लिए बड़ा खतरा बन सकता है.
टॉस जीतकर चुनी थी बैटिंग
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. 11.3 ओवर तक पाकिस्तान 72 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा चुका था. इस समय ऐसा लग रहा था कि टीम 100 रन के अंदर सिमट जाएगी. लेकिन कप्तान आगा के 24, मोहम्मद नवाज के 25 और फहीम अशरफ के 15 रन की मदद से टीम 8 विकेट पर 141 रन तक पहुंची. अफगानिस्तान के लिए कप्तान राशिद खान ने 3, नूर अहमद ने 2, फारूखी ने 2 और अल्लाह गजनाफर ने 1 विकेट लिए.
66 रन पर सिमटा अफगानिस्तान
142 का स्कोर अफगानिस्तान के लिए तब तक आसान लग रहा था, जब तक उसके बल्लेबाज बैटिंग के लिए क्रीज पर नहीं आए थे. शाहीन अफरीदी ने टीम को पहला झटका रहमानुल्लाह गुरबाज के रूप में दिया. वह 5 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद से लाइन लग गई. अफगानिस्तान मैच में वापसी नहीं कर सकी और लगातार विकेट गंवाती चली गई. 15.5 ओवर में टीम महज 66 रन पर सिमट गई और मैच 75 रन के बड़े अंतर से हार गई.
ये भी पढ़ें: एशिया कप जीतने वाली टीम इंडिया के लिए हॉकी इंडिया ने खोला खजाना, इतने लाख के इनाम का ऐलान
नवाज की फिरकी का चला जादू
अफगानिस्तान के लिए बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज सबसे बड़ा खतरा साबित हुए. नवाज ने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 5 विकेट लिए और पाकिस्तान को जीत दिला दी. नवाज ने इब्राहिम जादरान, रसूली, अजमतुल्लाह ओमरजाई, करीम जन्नत और राशिद खान को आउट किया. शाहीन अफरीदी ने 1, अबरार अहमद ने 2 और सूफियान मुकीम ने 2 विकेट लिए. 10 में से 9 विकेट पाकिस्तान के लिए स्पिनर्स ने लिए. एशिया कप में नवाज से भारतीय बल्लेबाजों को सावधान रहना होगा, अफगानिस्तान की तरह ही वह भारत के खिलाफ बड़े मुकाबले में भी अपनी फिरकी का जाल बिछाने की फिराक में होंगे.