रात 12बजे हलवाई चौक पर डीजे फूल साउंड में बजते रहा।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में डीजे और डबल डीजे के साथ चल समारोह जारी हैं, लेकिन कई समितियां धार्मिक भजन के बजाय हिंदी फिल्मों के फूहड़ गाने बजा रही हैं। रविवार और सोमवार रात 12 से 1 बजे तक तेज आवाज में डीजे बजने से लोगों की नींद में खलल पड़ा।
.
शहर में नियम के अनुसार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक तेज आवाज में साउंड बजाना प्रतिबंधित है। बावजूद इसके कई डीजे संचालक 100 डेसिबल तक आवाज में गाने बजा रहे हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से फिलहाल कोई रोक-टोक नहीं की गई।
शहरभर में चल समारोह
गणेश उत्सव समितियां शहर की अलग-अलग कॉलोनियों से चल समारोह निकाल रही हैं। सोमवार रात भी नर्मदा कॉलेज के सामने, एसपी ऑफिस चौराहा, हलवाई चौक, सराफा बाजार, कोठी बाजार और सदर बाजार सहित कई क्षेत्रों से डीजे गाड़ियों के साथ बाजारों में भ्रमण हुआ। कोठी बाजार क्षेत्र में कुछ समितियों के डीजे पर फिल्मी गाने बजते रहे।
हिंदी फिल्मों के गानों पर युवा नाचते नजर आएं।
प्रशासन ने कहा- नोटिस जल्द जारी होंगे
सिटी मजिस्ट्रेट बृजेंद्र रावत ने कहा कि वे अवकाश पर हैं और मामले के लिए तहसीलदार से संपर्क करें। नगर तहसीलदार सरिता मालवीय ने बताया कि उन्होंने खुद चार-पांच डीजे गाड़ियों का वीडियो रिकॉर्ड किया है, जिनकी आवाज बहुत ज्यादा थी। उन्होंने कहा कि सभी पर मंगलवार को नोटिस जारी किया जाएगा।