मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में वन विभाग ने अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई की है। मंगलवार को राज्य वन विकास निगम को डिगरहा नाले से अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली। यह क्षेत्र उमरिया परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक पीएफ 817 में आता है।
.
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। टीम को देखते ही दो ट्रैक्टर-ट्राली के मजदूर और ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गए। नाले में फंसे ट्रैक्टर को निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्राली को नाले से बाहर निकाला गया।
परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया गया है। फरार हुए मजदूरों और ड्राइवरों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। वन विभाग क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है।
