दो क्रिकेटर्स के साथ सरेआम गुंडागर्दी… बंदूक की नोक पर की गई लूटपाट, क्रिकेट जगत में मचा तहलका

दो क्रिकेटर्स के साथ सरेआम गुंडागर्दी… बंदूक की नोक पर की गई लूटपाट, क्रिकेट जगत में मचा तहलका


क्रिकेट जगत से एक बेहद ही चौंकाने वाली खबर आई है, जिसने तहलका मचा दिया है. दरअसल, दो क्रिकेटर्स के साथ सरेआम बंदूक की नोक पर लूटपाट करने का मामला सामने आया है. इस खबर ने फैंस को हैरानी में छोड़ दिया है. दरअसल, कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2025) में खेल रहे दो क्रिकेटर्स के साथ ये वारदात हुई है. 9 सितंबर की तड़के बारबाडोस में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स टीम के दो खिलाड़ियों के साथ यह हादसा हुआ. इतना ही नहीं, एक CPL अधिकारी को भी बंदूक की नोक पर लूट लिया गया.

सुबह के समय हुई घटना

दरअसल, यह घटना सुबह 3 बजे से कुछ देर पहले हुई. पीड़ित एक निजी कार्यक्रम से लौट रहे थे और होटल वापस जाने से पहले खाना खाने के लिए रुके थे, तभी लुटेरों ने उन पर हमला कर दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लुटेरों का मकसद गहने और कीमती सामान लूटना था. इस हाथापाई के दौरान, लुटेरों की बंदूक गिर गई, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया. अच्छी बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ, लेकिन इस भयानक हादसे ने पूरे क्रिकेट जगत को हिलाकर रख दिया है. बता दें कि अधिकारियों ने अभी तक खिलाड़ियों और अधिकारी के नाम का खुलासा नहीं किया है.

Add Zee News as a Preferred Source


तुरंत एक्शन में आई पुलिस

इस हादसे के तुरंत बाद बारबाडोस पुलिस एक्शन में आई. बारबाडोस पुलिस ने पुष्टि की है कि हथियार जब्त कर लिया गया है और अपराधियों की पहचान के लिए जांच चल रही है. पैट्रियट्स टीम ने भी कहा है कि उनके खिलाड़ी और CPL स्टाफ सदस्य सुरक्षित हैं और पुलिस का सहयोग कर रहे हैं. CPL के एक प्रवक्ता ने भी इस घटना पर बात की और जोर देकर कहा कि लीग की पहली प्राथमिकता इसमें शामिल सभी लोगों की सुरक्षा है. उन्होंने बताया कि अब यह मामला पूरी तरह से पुलिस के हाथ में है.

टीम की बढ़ाई गई सुरक्षा

इस घटना के बावजूद पैट्रियट्स की टीम 11 सितंबर को केंसिंग्टन ओवल में बारबाडोस रॉयल्स के खिलाफ अपने अगले मैच की तैयारी कर रही है. हालांकि, टीम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और निगरानी तेज कर दी गई है. टीम ने जांच के दौरान गोपनीयता बनाए रखने के लिए पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं करने का फैसला किया है. सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स टीम के लिए यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है. अब तक खेले 9 मैचों में टीम ने सिर्फ तीन जीत दर्ज करते हुए 6 अंक हासिल किए हैं और पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर हैं.

कई इंटरनेशनल स्टार्स टीम का हैं हिस्सा

इस टीम के लिए तमाम इंटरनेशनल स्टार क्रिकेटर्स खेल रहे हैं. इनमें पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान, वेस्टइंडीज के बैटिंग ऑलराउंडर काइल मेयर्स, साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज राइली रूसो, वेस्ट इंडीज के गेंदबाजी ऑलराउंडर जेसन होल्डर जैसे कुछ बड़े नाम भी शामिल हैं.



Source link