Prithvi Shaw: मुंबई की एक सत्र अदालत ने मंगलवार को क्रिकेटर पृथ्वी शॉ पर 100 रुपये का टोकन जुर्माना लगाया है. यह फैसला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल द्वारा दायर किए गए छेड़छाड़ के मामले में पृथ्वी शॉ के जवाब जमा न करने पर लिया गया है. अदालत ने शॉ को गिल की आपराधिक पुनरीक्षण याचिका का जवाब देने के लिए एक और मौका दिया है. इस याचिका में एक मजिस्ट्रेट अदालत के उस पहले के फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें पृथ्वी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया गया था.
बार-बार समन के बावजूद नहीं दिया जवाब
सत्र अदालत ने पहले भी पृथ्वी शॉ से कई बार सपना गिल की याचिका का जवाब देने का आग्रह किया था. पिछली सुनवाई में अंतिम चेतावनी के बावजूद उन्होंने मंगलवार की सुनवाई तक अपना जवाब दाखिल नहीं किया. न्यायाधीश ने कहा, “फिर भी100 रुपये के जुर्माने के साथ एक और मौका दिया जाता है.” अगली सुनवाई 16 दिसंबर के लिए निर्धारित की गई है. सपना गिल के वकील अली काशिफ खान ने पृ्थ्वी शॉ के आचरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ”कई बार समन जारी होने के बावजूद उनका यही तरीका रहा है.”
ये भी पढ़ें: India vs Pakistan: मैच से पहले ‘हैंडशेक’ कांड…क्या सूर्यकुमार ने सलमान से नहीं मिलाया हाथ? Video में सामने आई सच्चाई
क्या था पूरा मामला?
यह मामला 15 फरवरी, 2023 को मुंबई के एक पब में हुई घटना से जुड़ा है. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, सपना गिल के दोस्त शोभित ठाकुर ने रात 1 बजे के आसपास पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी लेने का बार-बार अनुरोध किया, जिसके बाद पृथ्वी के और फोटो लेने से इनकार करने पर बहस हुई. जब वह अपने दोस्त आशीष सुरेंद्र यादव के साथ जा रहे थे, तो स्थिति और बिगड़ गई. पुलिस के मुताबिक, शोभित ठाकुर पर कथित तौर पर बेसबॉल बैट से हमला किया गया था, जबकि पृथ्वी शॉ बिना किसी चोट के वहां से निकल गए.
हिरासत में ली गईं थी सपना गिल
सपना गिल और शोभित ठाकुर सहित छह लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर आशीष सुरेंद्र यादव का पीछा किया और 50,000 रुपये की मांग की. बाद में पुलिस ने समूह के खिलाफ मामला दर्ज किया, जिसके बाद 17 फरवरी 2023 को सपना गिल को हिरासत में ले लिया गया. तीन दिन बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: SA20 ऑक्शन के टॉप-5 महंगे खिलाड़ी…’वर्ल्ड चैंपियन’ कप्तान और 991 विकेट लेने वाला बॉलर अनसोल्ड
सपना गिल ने लगाए ये आरोप
सपना गिल की कहानी पुलिस के बयान से पूरी तरह अलग है. वह आरोप लगाती हैं कि पृथ्वी शॉ और आशीष ने उन्हें और शोभित को अपने वीआईपी टेबल पर ड्रिंक्स के लिए आमंत्रित किया था. उनकी शिकायत के अनुसार, जब शोभित ठाकुर ने सेल्फी का अनुरोध किया तो उस पर दोनों ने हमला कर दिया. सपना गिल का दावा है कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो पृथ्वी शॉ ने उन पर शारीरिक और यौन हमला किया. उन्होंने क्रिकेटर के खिलाफ जवाबी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन पर हमला और छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया.