Ajab Gajab: कभी शर्ट में छुपकर जाती दुकान, तो कभी बिस्तर में सोती…नीनू अब है इस कपल की जान!

Ajab Gajab: कभी शर्ट में छुपकर जाती दुकान, तो कभी बिस्तर में सोती…नीनू अब है इस कपल की जान!


आकाश निषाद, जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर से अजब-गजब का मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के 4 साल होने के बाद बच्चा नहीं हुआ, तब पति अमन और पत्नी अंजली ने एक घायल गिलहरी को अपना बच्चा बना लिया. सुनने में जरूर अजीब लगेगा….लेकिन यहीं सच है. अब वही गिलहरी शर्ट में घुसकर अमन के साथ काम पर भी जाती है और घर में ही पलंग में सोती है, कुरकुरे भी खाती है.

दरअसल यह कहानी है जबलपुर के दमोहनाका स्थित अमन पाटकर के घर में मौजूद गिलहरी की. जिसका नाम हैं नीनू…. जैसे ही घर के लोग नीनू नाम पुकारते हैं, गिलहरी दौड़ी चली आती है. आमतौर पर आपने घरों में डॉग, बिल्ली या फिर कबूतर पालते हुए देखा होगा. लेकिन जबलपुर के इस इकलौते घर में पति-पत्नी ने मिलकर न सिर्फ एक घायल गिलहरी की जान बचाई, बल्कि अब उसका पालन-पोषण भी कर रहे हैं. हालांकि गिलहरी को पेड़ में छोड़ने की भी कोशिश की गई, लेकिन नीनू घर छोड़ने को ही तैयार नहीं है.

आईए जानते हैं गिलहरी नीनू की सिलसिलेवार कहानी….

मेडिकल कॉलेज के नजदीक कुत्ते ने किया था घायल 
लोकल 18 की टीम जब दमोहनाका स्थित अमन पाटकर के घर पहुंची, तब गिलहरी अमन के साथ बिस्तर में खाना खा रही थी. अमन ने लोकल 18 से बताया करीब 4 महीने पहले मेडिकल कॉलेज गए हुए थे, इसी दौरान नजर पड़ी कि दो डॉग ने गिलहरी को घायल कर दिया है. इस दौरान गिलहरी की आंख भी नहीं खुली थी, जिसे ट्रीटमेंट करा कर घर लेकर पहुंचे. कुछ दिन बाद गिलहरी की आंख खुली, फिर गिलहरी का नाम नीनू रख दिया गया. धीरे-धीरे नीनू घर के सभी सदस्यों को पहचानने लगी.

अब नीनू के जाने का मन नहीं…छोड़ती ही नहीं हैं

उन्होंने बताया कुछ दिनों के बाद नीनू को पेड़ में और फिर छत में भी यह सोचकर छोडा की दूसरी गिलहरियों के साथ मिलकर नीनू घुल मिल जाएगी, लेकिन नीनू वापस घर आ जाती है. नीनू सारा दिन अमन के साथ ही बिताना पसंद करती है. उन्होंने बताया नीनू की केयर एक बच्चे की तरह करते हैं, रोज सुबह नीनू को गर्म पानी से नहलाते हैं. नीनू पहले किशमिश खाया करती थी, लेकिन अब जो भी खाना घर में बनता है… नीनू खाती है. नीनू को जेली, कुरकुरे काफी पसंद है.

काम में जाने के दौरान शर्ट में घुसकर जाती है नीनू

नीनू और अमन के बीच प्रेम का ऐसा रिश्ता है कि नीनू अमन को छोड़ती ही नहीं है. इतना ही नहीं जब अमन काम पर जाते हैं, तब बाइक में सवार होकर नीनू शर्ट के पीछे घुस जाती है. जहां अमन साथ में ही नीनू को दुकान ले जाते हैं. जब अमन दुकान में धागे से  माला को पिरोने का काम करते हैं, तब दुकान में ही नीनू अमन की मदद कराया करती है. जबकि रात होने पर साथ में लौटती है और खाना खाकर अमन के साथ ही बिस्तर में सो जाया करती है और सुबह उठकर हाथ में ही अंगड़ाई लेती हैं.

अमन बोले; नीनू हमारे बच्चे की तरह… साथ नहीं छोड़ती

अमन बताते हैं कि नीनू हमारा साथ बिल्कुल भी नहीं छोड़ती है, चाहे काम पर जाना हो या फिर किराने की दुकान. नीनू हमेशा साथ में सभी जगह आती-जाती है. उन्होंने बताया शादी के 4 साल बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई बच्चा नहीं हुआ. लेकिन अब नीलू ही हमारा बच्चा है, जिसकी हम केयर करते हैं. नीनू को फ्राई फिंगर काफी पसंद है. कुछ भी जरूरत होती है, तब नीनू इशारे से बताती है. जो आसानी से समझ में आ जाता है.

पत्नी बोली; मुझे पहले डर लगता था…गुस्सा होती थी

अमन की पत्नी अंजली का कहना है यदि सुबह हसबैंड नीनू को लेकर नहीं जाते, तब सुबह से लेकर रात तक एक बच्चे की तरह नीनू परेशान करती है. घर में कोई भी काम करने नहीं देती है. पहले नीनू से काफी डर लगता था, लेकिन अब नीनू सभी को अच्छे से जानती है और नाम पुकारने से ही आ जाती है. उन्होंने बताया नीनू को जब भी सुबह नहला देते हैं, तब नीनू गुस्सा हो जाती है और किसी के पास नहीं आती.

नीनू का सोशल मीडिया अकाउंट भी… शहर भर में है चर्चा

अंजली का कहना है नीनू को मोबाइल चलाने का भी काफी शौक है, जैसे ही मोबाइल की स्क्रीन चालू होती है. नीनू मोबाइल के ऊपर बैठ जाती है. अमन और अंजली ने मिलकर नीनू का सोशल मीडिया में इंस्टाग्राम अकाउंट ninu_25425 भी बनाया हुआ है. अंजली का कहना हैं जब से नीनू के कदम घर में पड़े है, तब से घर में खुशियां छाई हुई है.



Source link