भारतीय एक्ट्रेस से तलाक पर सालों बाद तोड़ी थी चुप्पी, पाक क्रिकेटर बोला-लोग…

भारतीय एक्ट्रेस से तलाक पर सालों बाद तोड़ी थी चुप्पी, पाक क्रिकेटर बोला-लोग…


नई दिल्ली. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहसिन खान ने बॉलीवुड अभिनेत्री रीना रॉय से शादी की थी. शादी के बाद रीना पाकिस्तान चली गई थीं.हालांकि दोनों की शादी ज्यादा समय तक नहीं चली और सात साल बाद तलाक हो गया था. मोहसिन खान अब जब पीछे मुड़कर अपने करियर देखते हैं तो उन्हें क्रिकेट के मैदान और मुंबई के फिल्म स्टूडियो की याद आती है. मोहसिन ने जहां क्रिकेट के मैदान में अपनी पीढ़ी के सबसे जबरदस्त तेज गेंदबाजों का सामना किया तो वहीं उन्होंने हिंदी सिनेमा के कुछ सबसे बड़े सितारों के साथ एक दर्जन फिल्मों में भी काम किया.

पाकिस्तान के लिए 48 टेस्ट और 75 वनडे मैच खेलने वाले मोहसिन खान (Mohsin Khan) ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए पीटीआई से कहा,‘भारत के खिलाफ स्वदेश और विदेश दोनों जगह खेलना मजेदार हुआ करता था. जिमी (मोहिंदर अमरनाथ) मेरे करीबी दोस्त बन गए. हमारे जमाने में आक्रामकता तो थी, लेकिन बदतमीजी नहीं थी.’ मोहसिन ने 1979 में जब पहली बार भारत का दौरा किया तो सिर्फ क्रिकेट के ही दरवाजे नहीं खुले.फिल्म निर्माताओं ने तुरंत उनसे संपर्क किया और सीरीज के बाद छोटे कार्यक्रमों के लिए रुकने का आग्रह किया.

मोहसिन खान और रीना रॉय शादी के 7 साल बाउद अलग हो गए थे.
1979 में भारत दौरे पर बॉलीवुड से खूब ऑफर मिले
मोहसिन ने कहा, ‘1979 में जब मैं पहली बार भारत आया तो मुझे बॉलीवुड से प्रस्ताव मिलने लगे. लोग कहते थे कि बस 20 दिन रुक जाओ, हम तुम्हारा हिस्सा पूरा कर देंगे. लेकिन तब मेरा ध्यान क्रिकेट पर था.’ क्रिकेट को प्राथमिकता देने का फैसला जल्द ही सही साबित हुआ. मोहसिन ने 1982 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में एक हजार रन बनाने वाले पहले पाकिस्तानी क्रिकेटर के रूप में रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया.

मोहिसन कराची की तुलना में मुंबई में अधिक समय बिताने लगे थे
अगर क्रिकेट मोहसिन का पहला प्यार था तो सिनेमा अप्रत्याशित रूप से उनका दूसरा प्यार बन गया. 1980 के दशक के मध्य तक वह कराची की तुलना में मुंबई में अधिक समय बिता रहे थे। उस समय उनकी शादी बेहद लोकप्रिय अभिनेत्री रीना रॉय से हुई थी. यह मोड़ लगभग संयोग से आया. मोहसिन ने कहा, ‘दरअसल जब मुझे बटवारा (फिल्म) का प्रस्ताव मिला तो मैं रीना के साथ मुंबई होते हुए लंदन जा रहा था.’ उन्होंने कहा, ‘धरम जी बहुत प्यारे थे और विनोद मेरे दोस्त थे.’

‘लॉर्ड्स में दोहरा शतक लगाने वाला पहला पाकिस्तानी बल्लेबाज बनना खास था’
उन्होंने कहा, ‘यह बहुत खास था, विशेषकर लॉर्ड्स में दोहरा शतक लगाने वाला पहला पाकिस्तानी बल्लेबाज बनना.’ दो साल बाद 1984 में उन्होंने डेनिस लिली के खिलाफ उन्हीं की धरती पर एडीलेड और मेलबर्न में लगातार शतक जड़े. मोहसिन ने कहा, ‘अपने समय के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज के खिलाफ ऐसा करना संतोषजनक था.’ मोहसिन का मानना ​​है कि उनका खेल गति और उछाल के अनुकूल था. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मैंने उछाल वाली पिचों पर अपने कई समकालीन पाकिस्तानी बल्लेबाजों से कहीं बेहतर खेला.’

भारत बनाम पाकिस्तान लाहौर टेस्ट मोहसिन के दिल के करीब है
एक टेस्ट जो मोहसिन के दिल के काफी करीब है वह लाहौर में भारत के खिलाफ था. मदन लाल द्वारा आउट किए जाने से पूर्व उन्होंने पहली पारी में 94 रन बनाए. फिर दूसरी पारी में पाकिस्तान के एक विकेट पर 135 रन के दौरान उन्होंने नाबाद 101 रन बनाए जो टीम के सबसे कम स्कोर के दौरान शतक था. मोहसिन ने कहा, ‘वह मैच आज भी मेरे पसंदीदा मैचों में से एक है.’ दशकों बाद मोहसिन खेल को एक ऐसे व्यक्ति की नजर से देखते हैं जिसने इसे जिया है.

मोहसिन-रीना की शादी
मोहसिन खान और रीना रॉय (Reena Roy) ने 1983 में शादी की थी. इसके ठीक 7 साल बाद 1990 में दोनों का तलाक हो गया. मोहसिन और रीना ने अपने अपने करियर में पीक पर रहते हुए शादी रचाई थी. मोहसिन ने अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कहते हुए एक्टिंग में अपना करियर बनाना शुरू कर दिया था. वह कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके हैं. लेकिन उनका फिल्मी करियर कुछ खास नहीं रहा. दूसरी ओर, मोहसिन से शादी रचा रीना भारत से पाकिस्तान जाकर रहने लगी थीं.

मोहसिन ने साल 2023 में ‘जी स्पोर्ट्स’ को दिए अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह पाकिस्तान में ही रहना चाहते थे, क्योंकि यही उनकी पहचान है. रीना रॉय के साथ तलाक पर उन्होंने कहा था कि उन्हें कोई अफसोस नहीं है. उन्होंने एक इंसान से शादी की थी. उन्होंने यह नहीं देखा कि वह कौन हैं या कहां से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन मोहसिन ने फैसला कर लिया था कि वह एक पाकिस्तानी हैं और यही उनकी पहचान है और इसलिए वह पाकिस्तान में ही रहेंगे.

रीना रॉय के साथ अपनी पिछली शादी के बारे में बात करते समय मोहसिन जहां सावधानी बरतते हैं वहीं अपनी बेटी के बारे में बात करते समय वह खुलकर स्नेह दिखाते हैं. मोहसिन ने कहा, ‘उसने अपनी पढ़ाई पूरी कर ली है और मुंबई में अपनी मां के साथ रहती है. मैं उसके संपर्क में हूं. उसने अपनी स्कूली शिक्षा पाकिस्तान में और उच्च शिक्षा मुंबई में पूरी की.’



Source link