शहडोल जिले की गोहपारू पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आदिवासी ग्रामीणों के बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर सिम एक्टिवेट करते थे।
.
गोहपारू थाना क्षेत्र के सरिहट गांव का अमित कुशवाहा और गुड़ारू गांव का अंकुश शाहू इस रैकेट में शामिल थे। दोनों ग्रामीणों की पहचान का फायदा उठाकर उनके बायोमेट्रिक से सिम कार्ड एक्टिवेट करते थे। इन सिम कार्ड को ऊंचे दामों पर ठगों को बेच दिया जाता था। ठग इन सिम का इस्तेमाल ऑनलाइन धोखाधड़ी में करते थे।
जांच में पता चला कि जिले से एक्टिवेट किए गए बड़ी संख्या में सिम बाहरी अपराधियों तक पहुंच रहे थे। साइबर सेल ने सुराग जुटाकर दोनों आरोपियों को पकड़ा। दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि फर्जी सिम के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अपना बायोमेट्रिक किसी अजनबी को न दें।