Last Updated:
Raisen School News: रायसेन के एक स्कूल में शिक्षिका का गुस्सा एक छात्रा पर फूटा तो उसे अस्पताल जाना पड़ा. चोटी को लेकर मामला काफी बढ़ गया. जानें क्या हुआ…
रायसेन के सुल्तानगंज हायर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसके परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया. छात्रा ने स्कूल की शिक्षिका रचना साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा का कहना है कि वह दो चोटी की जगह एक चोटी बनाकर स्कूल आई थी, जिससे शिक्षिका नाराज हो गईं और उसे कड़ी धूप में बाहर खड़े रहने की सजा दी.
इसी दौरान छात्रा की तबीयत खराब हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और छात्रा को तुरंत अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने बताया कि धूप में लंबे समय तक रहने से डिहाइड्रेशन और चक्कर आने की शिकायत थी, लेकिन अब छात्रा की हालत स्थिर है. परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.
मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) डीडी रजक ने न्यूज 18 से बातचीत में कहा, “यह एक गंभीर मुद्दा है. हमने बेगमगंज ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दे दिए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.” डीईओ ने यह भी जोड़ा कि स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अभिभावक नाराज
स्कूल प्रशासन ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्कूल में ड्रेस कोड और अनुशासन के नाम पर अक्सर छात्रों को परेशान किया जाता है. जांच के नतीजे आने तक अभिभावक संघ ने विरोध जताया है. शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को छात्रों के साथ मानवीय व्यवहार करने की हिदायत दी है. इस घटना ने जिले में शिक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.