एसडीएम के नहीं आने पर छत्रसाल महाविद्यालय चौराहे पर चक्का जाम कर दिया।
शिवपुरी के पिछोर में भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एसडीएम के ज्ञापन न लेने पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता शाम 5 बजे एसडीएम कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे थे। एसडीएम के नहीं आने पर उन्होंने छत्रसाल महाविद्यालय चौराहे पर चक्का जाम कर दिया।
.
जाम के कारण पिछोर-चंदेरी और शिवपुरी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कार्यकर्ताओं का ज्ञापन पिछोर विधानसभा क्षेत्र में शराब माफियाओं और अवैध दुकानों पर रोक लगाने की मांग से जुड़ा था। उनका आरोप था कि शासकीय ठेकों की आड़ में अवैध दुकानें चल रही हैं। आबकारी विभाग और प्रशासन इस पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
भीम आर्मी ने पिछोर बस स्टैंड पर 25 दिवसीय नशा मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, शिक्षा बचाओ अभियान का समापन कार्यक्रम आयोजित किया था। इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को पहले ही दी गई थी। सभी अधिकारी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम में व्यस्त थे।
दो घंटे के जाम के कारण यात्रियों को हुई परेशानी रात करीब 8 बजे एसडीएम ममता शाक्य और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का ज्ञापन लिया। इसके बाद जाम हटा दिया गया। दो घंटे के जाम से बसों और अन्य वाहनों में बैठे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।