कटनी में अफवाहों से बिगड़ा माहौल: चोर समझकर निर्दोष लोगों की पिटाई, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार – Katni News

कटनी में अफवाहों से बिगड़ा माहौल:  चोर समझकर निर्दोष लोगों की पिटाई, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार – Katni News


कटनी में चोरी की अफवाहों के चलते शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। लोग बिना जांच-पड़ताल के अनजान व्यक्तियों को चोर समझकर पीट रहे हैं। इसी क्रम में रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

.

गुरुवार शाम करीब 7 बजे 19 वर्षीय संदीप कोल पाठक वार्ड से अपने घर बावली टोला जा रहे थे। वंश स्वरूप वार्ड में कुछ लोगों ने उन्हें चोर समझकर पीटना शुरू कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने नागरिकों से कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना सीधे पुलिस को दी जाए। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अधिवक्ता यश खरे के अनुसार, सोशल मीडिया पर चोरी और लूट की झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं। इससे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। जिले के वकीलों और समाजसेवियों ने फर्जी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलते ही रंगनाथ नगर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कोल को भीड़ से बचाया। पूछताछ में पता चला कि संदीप कोल अपनी बहन के घर से वापस आ रहे थे। कुछ लोगों ने केवल संदेह के आधार पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। पुलिस ने रिंकू ठाकुर, अन्नू सोनखरे, अमित बर्मन और डब्बू सोनखरे के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय भेज दिया है।



Source link