घुघरा वॉटरफॉल में डूब रहे व्यक्ति की बचाई जान: 112 वाहन की टीम और स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से बाहर निकाला – Katni News

घुघरा वॉटरफॉल में डूब रहे व्यक्ति की बचाई जान:  112 वाहन की टीम और स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से बाहर निकाला – Katni News


कटनी के घुघरा वॉटरफॉल में डूब रहे एक व्यक्ति की जान बचाकर बिलहरी पुलिस चौकी में तैनात 112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (FRV) के स्टाफ ने एक सराहनीय काम किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की मदद से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

.

पुलिस को सूचना मिली थी कि घुघरा वॉटरफॉल में एक व्यक्ति तेज बहाव में फंसकर डूब रहा है। सूचना मिलते ही 112 वाहन का स्टाफ बिना देरी किए मौके पर पहुंचा। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति पानी के तेज बहाव में पत्थरों को पकड़े मदद के लिए चिल्ला रहा था।

FRV टीम ने तुरंत अपने वाहन से रस्सी निकाली। पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने मिलकर सावधानी से रस्सी की मदद से डूब रहे व्यक्ति को बाहर निकाला। बचाए गए व्यक्ति की पहचान कमलेश कोल के रूप में हुई है, जो बिलहरी का ही रहने वाला है।

कमलेश ने बताया कि वह नहाते समय पानी के तेज बहाव में अपना संतुलन खो बैठा था और डूबने लगा था। उसने पुलिस कर्मियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उसे एक नई ज़िंदगी दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि पुलिस के 112 वाहन आपदा से निपटने के लिए ज़रूरी संसाधनों से लैस हैं, जिसकी मदद से इस व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।



Source link