बड़वानी कलेक्टर का जिला अस्पताल निरीक्षण
बड़वानी की नई कलेक्टर जयति सिंह ने पदभार संभालने के तीसरे दिन जिला अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया। उनके पहुंचते ही अस्पताल कर्मचारी अपने-अपने चैंबर की ओर दौड़े।
.
कलेक्टर ने कुपोषण वार्ड, महिला वार्ड और एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, डॉक्टर्स ड्यूटी रूम और लेबोरेटरी की व्यवस्थाएं देखीं। दवाई वितरण कक्ष और ब्लड बैंक यूनिट की जांच भी की।
जनरल वार्ड, आईसीयू और ट्रामा सेंटर का जायजा लिया। ऑक्सीजन प्लांट और रसोई घर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेखा जमरे और सिविल सर्जन डॉ. अनीता सिंगारे से मरीजों की सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने मरीजों और परिजनों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सफाई व्यवस्था और फायर सेफ्टी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डॉक्टरों को समय पर अस्पताल पहुंचने और मरीजों को निर्धारित समय पर भोजन देने को कहा।
अस्पताल परिसर में घूम रहे मवेशियों की समस्या के समाधान के निर्देश दिए। कर्मचारियों को ड्रेस कोड का पालन करने को कहा। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी कर जिला चिकित्सालय को आदर्श बनाने का लक्ष्य रखा।
