भिंड शहर में आतंक फैलाने वाला कुख्यात बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। शुक्रवार को सिटी कोतवाली पुलिस ईनामी अपराधी रामू तोमर निवासी ढोचरा को मेला ग्राउंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कुछ माह पहले व्यापारी से रिवॉल्वर लूटकर दहशत फैलाई
.
बीते 6 मई 2025 की रात शहर के एक कुल्फी व्यापारी पर हमला कर उसकी लाइसेंसी 32 बोर की रिवॉल्वर छीनने की वारदात ने पूरे जिले में सनसनी मचा दी थी। व्यापारी दुकान बंद कर रहा था तभी सफेद स्कॉर्पियो से उतरे दो बदमाशों ने पुरानी रंजिश में उसे और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया।
व्यापारी की कमर से गिरी रिवॉल्वर उठाकर आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने आरोपियों पर इनाम घोषित किया और तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह सेंगर के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की धरपकड़ के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को आरोपी को समाधी स्थल के पास मेला ग्राउंड से घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली और उसकी निशानदेही पर चोरी गई रिवॉल्वर बरामद कर ली गई।
जब्त रिवाल्वर।
रामू तोमर का आपराधिक रिकॉर्ड चौंकाने वाला है। उस पर लूट, हत्या का प्रयास, अवैध हथियार और शराब तस्करी जैसे करीब 34 गंभीर केस दर्ज हैं। उसका भाई भी आदतन अपराधी है, जिस पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह सेंगर, उमरी थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत, साइबर सेल प्रभारी वैभव तोमर समेत पूरी पुलिस टीम की भूमिका अहम रही। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से शहर में दहशत फैलाने वाले गैंग पर बड़ी चोट पड़ी है।