मध्य प्रदेश के मंडला में पुलिस ने एक फर्जी सिम एजेंट को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के ऑपरेशन FAST के तहत की गई।
.
आरोपी महेंद्र गोलिया लिंगा माल थाना मंडला का रहने वाला है। वह अपने POS कोड और एजेंट आईडी का दुरुपयोग करता था। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से सिम की प्रक्रिया के दौरान धोखे से उनके आधार, फोटो और फिंगरप्रिंट लेकर अतिरिक्त सिम बनाता था। इन सिम कार्डों को वह दूसरे लोगों को बेचकर अवैध कमाई करता था।
मोहगांव पुलिस ने एसडीओपी के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की। आरोपी से फिंगरप्रिंट स्कैनर, मोबाइल, जियो कंपनी का लैपटॉप और सिम एक्टिवेशन उपकरण जब्त किए गए हैं। साथ ही 10 फर्जी सिम कार्ड भी बरामद हुए हैं।
एसपी रजत सकलेचा के अनुसार, साइबर क्राइम पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। इन फर्जी सिमों का इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में साइबर फ्रॉड के लिए किया गया था। आरोपी के खिलाफ बीएनएस, आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने लोगों से सिम लेते समय सतर्क रहने की अपील की है। यदि कोई एजेंट बार-बार प्रोसेस करने को कहे तो सावधान रहें। दूरसंचार विभाग के संचार साथी पोर्टल से आधार से जुड़े सिम की जानकारी ली जा सकती है। अनजान नंबर आधार से लिंक होने पर उसे तुरंत बंद करवाएं।
कार्रवाई में निरीक्षक वेदराम हनोते, उपनिरीक्षक गौतम तिवारी, सउनि कमल पडवार, प्रआर चैनसिंह सैयाम, आरक्षक हेमंत मरावी, शिव परस्त, नवीन उइके एवं साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक हिमांशु चौहान व आरक्षक सुरेश भटेरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।