एशिया कप 2025 में भारत को अपना अगला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है, लेकिन उससे पहले ही जमकर बवाल देखने को मिल रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय फैंस उस देश के साथ कोई भी क्रिकेट मैच खेलने के समर्थन में नहीं खड़े हैं, जो आतंक को सपोर्ट करता है. एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. भारतीय लोगों में गुस्सा और नाराजगी भरी हुई है. इसी बीच भारत बनाम पाकिस्तान मैच से ठीक एक दिन पहले BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने अचानक बड़ा सस्पेंस खत्म कर दिया है.
अनुराग ठाकुर ने अचानक खत्म कर दिया बड़ा सस्पेंस
एशिया कप 2025 में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘जब ACC या ICC द्वारा मल्टीनेशन टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं, तो इसमें भाग लेना देशों के लिए एक मजबूरी और अनिवार्यता बन जाती है. अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो वे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे, उन्हें मैच छोड़ना होगा और दूसरी टीम को अंक मिलेंगे. लेकिन भारत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय टूर्नामेंट नहीं खेलता है. हमने वर्षों से यह निर्णय लिया है कि जब तक पाकिस्तान भारत पर आतंकवादी हमले बंद नहीं कर देता, तब तक भारत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय टूर्नामेंट नहीं खेलेगा.’
(@ANI) September 13, 2025
भारत बनाम पाकिस्तान मैच होगा
BJP सांसद अनुराग ठाकुर के बयान से यह साफ हो चुका है कि भारत बनाम पाकिस्तान मैच कल यानी रविवार 14 सितंबर को अपने तय शेड्यूल के अनुसार खेला जाएगा. बता दें कि एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में भारत बनाम पाकिस्तान टी20 मैच को रुकवाने के लिए भारत की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) भी दायर की गई थी. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया था. जस्टिस माहेश्वरी की अध्यक्षता वाली बेंच ने इस मांग को ठुकराते हुए कहा थाी कि इसमे क्या urgency है. अगर मैच हो रहा है तो उसे होने दीजिए. हम इसमें क्या कर सकते है.
पहलगाम आतंकी हमला नहीं भूला देश
पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला भारत ने 7 मई को लिया. भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और POK (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) में घुसकर कई आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया. इसके बाद जब पाकिस्तान ने पलटवार किया तो भारत ने उसे भी मुंहतोड़ जवाब दिया. भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान में घुसकर उसके कई सैन्य ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया. 7 मई से लेकर 10 मई तक भारत और पाकिस्तान के बीच वार-पलटवार जारी रहा. अंत में 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया. इतना सब कुछ घटित होने के बावजूद भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट होने से भारतीय फैंस गुस्से में जल रहे हैं.