कटनी जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों के विरोध में आज आम आदमी पार्टी (आप) ने कोतवाली थाने के सामने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर अपराधों को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया और थाना प्रभारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
.
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल सिंगर के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता शाम को कोतवाली थाने पहुंचे थे। उनका उद्देश्य जिले में बढ़ते अपराधों पर एक ज्ञापन सौंपना था, लेकिन काफी देर तक कोई भी अधिकारी ज्ञापन लेने के लिए नहीं आया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने थाने के मुख्य द्वार पर ही धरना शुरू कर दिया।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
करीब आधे घंटे तक चले इस धरने के दौरान प्रदर्शन कारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए नारे लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कटनी में चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।
जिलाध्यक्ष अनिल सिंगर ने कहा, “हम पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन देने आए थे, लेकिन जब कोई नहीं आया तो हमें मजबूरन थाने के गेट पर धरना देना पड़ा। हमारी मांग है कि पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द इन अपराधों पर लगाम लगाए और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।”