बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है।
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में तेंदुए की तलाश जारी है। शनिवार को मानपुर के नेउसी बीट के जुहला जंगल झिरौल में तेंदुए ने चार ग्रामीणों पर हमला किया था। घटना के बाद से टाइगर रिजर्व प्रबंधन पूरी सतर्कता बरत रहा है।
.
20 कर्मचारियों की टीम कर रही है निगरानी
टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने तेंदुए की निगरानी के लिए विशेष टीम तैनात की है। इस टीम में 20 कर्मचारी शामिल हैं। टीम के पास 4 गाड़ियां और 2 हाथी भी हैं। मानपुर परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अहिरवार ने बताया कि, ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए जंगल और आसपास की झाड़ियों में निगरानी की जा रही है।
तेंदुए ने 4 ग्रामीणों का किया शिकार
घटना शनिवार को उस समय हुई, जब तेंदुए को देखने के लिए ग्रामीण जंगल में एकत्रित हो गए थे। तेंदुए ने वहां शिकार किया हुआ था। ग्रामीणों की भीड़ देखकर तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। फिलहाल तेंदुआ जंगल की ओर चला गया है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है।