बॉल से बवाल, कैचिंग में कमाल, पंड्या से पनाह मांगता है पाकिस्तान

बॉल से बवाल, कैचिंग में कमाल, पंड्या से पनाह मांगता है पाकिस्तान


नई दिल्ली. हर बार जब भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मुकाबला होता है, तो मैदान पर सिर्फ दो टीमें नहीं, बल्कि दो जुनून टकराते हैं. ऐसे में अगर कोई खिलाड़ी बार-बार इस महामुकाबले में चमकता है, तो वह सिर्फ एक अच्छा खिलाड़ी नहीं, बल्कि असली हीरो बन जाता है. हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर खुद को साबित किया है एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ पहले ही ओवर में विकेट लेकर और बाद में एक शानदार कैच पकड़कर.

हार्दिक पांड्या भारतीय क्रिकेट का वो नाम है जो दबाव में खिल उठता है. एक ऑलराउंडर के रूप में वह ना केवल गेंद से कमाल दिखाते हैं, बल्कि बल्ले से भी मैच का रुख पलटने की ताकत रखते हैं. लेकिन जब सामने पाकिस्तान होता है, तो हार्दिक का खेल कुछ और ही स्तर पर चला जाता है. विराट कोहली की तरह ही हार्दिक भी भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में खुद को अलग ही अंदाज में पेश करते हैं.

पहला ओवर, पहली गेंद, और विकेट

पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में  जैसे ही हार्दिक पांड्या ने नई गेंद थामी, सभी की नजरें उन पर टिक गईं और उन्होंने भी फैंस को निराश नहीं किया. पहली गेंद वाइड फेंकने के बाद अगली ही गेंद पर हार्दिक ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज को आउट कर दिया. गेंद की स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ ने बल्लेबाज को चकमा दे दिया और स्टेडियम में भारतीय फैंस की खुशी का ठिकाना न रहा. हार्दिक का जश्न मनाना इसलिए भी बनता था क्योंकि ये विकेट पाकिस्तान के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाज सैम अय़ूब का था.

फील्डिंग में भी हीरोपंती: शानदार कैच

सिर्फ गेंदबाज़ी ही नहीं, हार्दिक की फील्डिंग ने भी मैच में जान डाल दी.  एक कठिन कैच को उन्होंने अपनी फील्डिंग स्किल से बेहद आसान बना दिया, जिससे पाकिस्तान की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई.  वह कैच सिर्फ एक विकेट नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास की जीत थी. ये कैच मोहम्मद हैरिस का था जिन्होंने पिछले मैच में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाया था.

पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक का शानदार रिकॉर्ड

यह पहली बार नहीं है जब हार्दिक पाकिस्तान के खिलाफ चमके हैं.  इससे पहले 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में जब बाकी बल्लेबाज लड़खड़ा गए थे, हार्दिक ने 76 रन की तूफानी पारी खेली थी.  2022 एशिया कप में भी उन्होंने आखिरी ओवर में सिक्स मारकर भारत को जीत दिलाई थी.  वह मैच विनर हैं  और पाकिस्तान के खिलाफ तो और भी ज्यादा. जिस तरह विराट कोहली बड़े मैचों में खासकर पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं, वैसे ही हार्दिक भी इन मुकाबलों में खुद को साबित करते आए हैं. दबाव में बेहतर खेलने की यह कला ही उन्हें खास बनाती है.

हार्दिक पांड्या सिर्फ एक ऑलराउंडर नहीं, बल्कि भारत-पाक मुकाबलों के स्पेशलिस्ट बनते जा रहे हैं. उनकी हीरोपंती, आत्मविश्वास और ज़ज्बा हर भारतीय फैन को गर्व महसूस कराता है. एशिया कप 2025 में उनका प्रदर्शन एक बार फिर यह साबित करता है कि जब सामने पाकिस्तान हो, तो हार्दिक अपना सर्वश्रेष्ठ लेकर आते हैं.



Source link