India vs Pakistan Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मुकाबला कुछ ही घंटों में शुरू होने वाला है. दोनों टीमें ग्रुप ए में आमने-सामने होने वाली है. यह टूर्नामेंट में उनका दूसरा मुकाबला है. भारत ने अपने पहले मैच में यूएई और पाकिस्तान ने ओमान को हराया है. ऐसे में इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सुपर-4 में पहुंचने के करीब पहुंच जाएगी. पहलगाम में आतंकियों द्वारा किए गए हमलों के बाद भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जबाव दिया और पाकिस्तान स्थित कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया. इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया. इन परिस्थितियों के बीच होने वाले इस मैच का विरोध भारत के कई हिस्सों में हो रहा है.
दो महान खिलाड़ियों के बगैर पाकिस्तान से खेलेगा भारत
भारत में हजारों क्रिकेट फैंस और पूर्व क्रिकेटरों ने इस मुकाबले का विरोध किया गया. हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सरकार की इजाजत और मल्टीनेशनल टूर्नामेंट का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम पाकिस्तान को बुरी तरह हराने के लिए मैदान पर उतरेगी. टीम इंडिया इस मैच में अपने दो महान खिलाड़ियों के बगैर उतरेगी. पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने का कारण टीम में नहीं हैं.
टूट गया 12 मैचों का सिलसिला
भारत-पाकिस्तान के 12 मैचों का सिलसिला टूट गया है. विराट और रोहित में से कोई एक भारत-पाकिस्तान पिछले 12 टी20 मैचों के दौरान प्लेइंग-11 का हिस्सा जरूर रहे हैं. यह सिलसिला अब टूट गया है. पिछली बार टी20 वर्ल्ड कप 2007 में लीग राउंड के मैच में विराट और रोहित दोनों ही प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे. उसके बाद 2007 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल से लेकर 2024 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान न्यूयॉर्क में खेले गए मैच तक दोनों में से कोई एक जरूर पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरा है.
ये भी पढ़ें: ‘सोचा जरूर, पर हुआ नहीं…’, बाल-बाल बची थी मोहम्मद शमी की जान, नहीं खेल पाते वर्ल्ड कप
पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ दोनों के प्रदर्शन को देखें तो रोहित ने टी20 में इस देश के खिलाफ 12 मैचों की 11 पारियों में 127 रन बनाए हैं. उन्होंने कोई अर्धशतक या शतक नहीं लगाया. दूसरी ओर, कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 11 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलें. इस दौरान 11 पारियों में 492 रन बनाए. उनका औसत 70.28 का रहा. विराट ने 5 अर्धशतक लगाए.
ये भी पढ़ें: T20I में भुवनेश्वर कुमार का महारिकॉर्ड खतरे में, एक विकेट लेते ही बुमराह निकल जाएंगे आगे
ऐसा रहा दोनों दिग्गजों का करियर
रोहित और विराट ने मिलकर टी20 इंटरनेशनल मैचों में 8419 रन बनाए हैं. दोनों के नाम 6 शतक हैं. रोहित इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. वह 159 मैचों में 32.05 की औसत और 140.89 की स्ट्राइक रेट से 4231 रन बनाकर शीर्ष पर हैं. उनके नाम 5 शतक हैं. कोहली 125 मैचों में 4188 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं. विराट ने 48.69 की औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं.