इंदौर निगमायुक्त बोले-लेखा शाखा से फालतू सामान हटाया जाए:महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट्स का प्राथमिकता से डिजिटलाइजेशन किया जाए

इंदौर निगमायुक्त बोले-लेखा शाखा से फालतू सामान हटाया जाए:महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट्स का प्राथमिकता से डिजिटलाइजेशन किया जाए




इंदौर नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव सोमवार को निगम के आयुक्त कार्यालय, लेखा विभाग, कॉलोनी सेल और स्थापना विभाग को देखने पहुंचे। वे सबसे पहले आयुक्त कार्यालय गए और वहां कार्यरत कर्मचारियों से उनके कामकाज की जानकारी ली। इसके बाद वे बाहर स्थित लेखा शाखा पहुंचे। यहां रखे फालतू सामान को हटाने के निर्देश दिए और लेखा शाखा की महत्ता और अन्य विभागों में रखे रिकॉर्ड की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। निगमायुक्त ने लेखा शाखा में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या, उनके कामों और अन्य संबंधित जानकारियां लीं। साथ ही रिकॉर्ड के मेंटेनेंस काम के संबंध में भी जानकारी जुटाई। इंदौर निगम आयुक्त ने कहा कि निगम के विभिन्न विभागों के डॉक्यूमेंट्स के साथ ही लेखा विभाग के रिकॉर्ड महत्वपूर्ण होने के कारण उनका डिजिटलाइजेशन करने को कहा और लेखा शाखा के रिकॉर्ड के मेंटेनेंस काम को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने निगम की नई बिल्डिंग में स्थित स्थापना कार्यालय का दौरा किया। कार्यालय में आने वाली नस्तियों के संधारण, आवक-जावक प्रक्रिया और फाइल ट्रैकिंग के तरीकों की जानकारी ली। इसके बाद निगमायुक्त ने नई बिल्डिंग परिसर का निरीक्षण किया और स्वच्छता से जुड़े बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, निगमायुक्त ने कॉलोनी सेल विभाग का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कॉलोनियों के नियमितीकरण और अवैध कॉलोनियों को वैध बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। कॉलोनाइजरों द्वारा आवेदन किए जाने पर कॉलोनी नियमितीकरण की पूरी प्रक्रिया पर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर आयुक्त मनोज पाठक, देवधर दरवई सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।



Source link