निवाड़ी में सोमवार सुबह 9 बजे रेलवे स्टेशन के पास स्कूल जा रहे बच्चों से भरी ऑटो पलट गई। हादसे में तीन बच्चे घायल हुए हैं।
.
मगरपुर से साई ब्राइट स्कूल जा रहे 6 बच्चों को लेकर जा रही टेहरका की ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 7 वर्षीय कनिष्का, 9 वर्षीय सनम और 10 वर्षीय कपिल अहिरवार घायल हुए। तीन अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए।
कपिल अहिरवार के पैर में गंभीर चोट के कारण उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कनिष्का और सनम का इलाज निवाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आर.सी. मलारया ने घटना की पुष्टि की है। घायल कनिष्का के पिता रविकांत अहिरवार ने बताया कि बच्चे रोज की तरह स्कूल जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
इस घटना ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।