प्रोजेक्ट चीता के तीन साल पूरे होने के मौके पर दक्षिण अफ्रीका से लाई गई साढ़े सात साल की मादा चीता धीरा को कुनो राष्ट्रीय उद्यान से गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य में स्थानांतरित किया जा रहा है।
.
मुख्य वन संरक्षक उत्तम कुमार शर्मा के अनुसार, बुधवार सुबह 8 बजे वन विभाग की टीम धीरा को लेकर कुनो से रवाना होगी। टीम दोपहर 4 बजे तक गांधी सागर पहुंचेगी। यात्रा से पहले चीता को ट्रेंकुलाइज कर वातानुकूलित वाहन में विशेष पिंजरे में रखा जाएगा।
टीम राजस्थान के कोटा और झालावाड़ होते हुए करीब 360 किलोमीटर का सफर तय करेगी। गांधी सागर में धीरा को वहां पहले से मौजूद नर चीते पावक और प्रभास के साथ रखा जाएगा। इन दोनों को 20 अप्रैल 2025 को कुनो से यहां लाया गया था।
प्रोजेक्ट के तीन साल पूरे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को कुनो में छोड़ा था। तब से यह दिन प्रोजेक्ट चीता दिवस के रूप में मनाया जाता है। तीन वर्षों में कुछ चीतों की प्राकृतिक मृत्यु हुई। फिर भी भारत में विलुप्त हुई इस प्रजाति को पुनर्जीवित करने के प्रयास जारी हैं।