भोपाल कोर्ट परिसर में पत्रकार पर हमला: जज की सख्ती के बाद रुके वकील; पुलिस सुरक्षा में बाहर निकाला गया – Bhopal News

भोपाल कोर्ट परिसर में पत्रकार पर हमला:  जज की सख्ती के बाद रुके वकील; पुलिस सुरक्षा में बाहर निकाला गया – Bhopal News



भोपाल के कोर्ट परिसर में सोमवार शाम कुछ वकीलों ने पत्रकार अली अख्तर पर हमला कर दिया। आरोप है कि वकीलों ने उन्हें कोर्ट की लॉबी में घेरकर बुरी तरह पीटा, मोबाइल छीनने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी।

.

जज की चेतावनी पर रुके वकील

हमले में घायल पत्रकार अली अख्तर जान बचाने के लिए एफ-16 कोर्टरूम में पहुंच गए। वहां मौजूद जज ने वकीलों को सख्त चेतावनी दी कि कोर्ट रूम में मारपीट हुई तो उनके खिलाफ कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट की कार्रवाई होगी। इसके बाद ही वकील शांत हुए। रजिस्ट्रार के निर्देश पर पुलिस बल मौके पर बुलाया गया और सुरक्षा में पत्रकार को कोर्ट से बाहर निकाला गया।

क्या है मामला?

दरअसल, कोर्ट में कवरेज करने पत्रकार अली अख्तर (24), निवासी खानू गांव, कोहेफिजा पहुंचे थे। इसी दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे वकील वहीद खान, आनंद और अन्य ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने कहा- ‘यावर के खिलाफ ज्यादा खबरें छाप रहे हो और वीडियो बना रहे हो। पत्रकार के इनकार करने पर वकीलों ने गाली-गलौज की, मोबाइल छीनने का प्रयास किया और सिर व चेहरे पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।

पत्रकार का आरोप

अली अख्तर का कहना है कि हमलावरों ने उन्हें धमकी दी। कहा- आज के बाद कोर्ट में नजर मत आना, वरना जान से मार देंगे। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय पर न आती तो उनकी जान पर बन सकती थी।

जमानत खारिज होने पर नारेबाजी

घटना के बाद जब यावर खान की जमानत अर्जी खारिज हुई तो कुछ वकीलों ने कोर्ट परिसर में नारेबाजी भी की। इस पूरे घटनाक्रम ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया केस

सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित पत्रकार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल वकीलों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link