.
करीब पांच माह पहले गलत इलाज के चलते आठ माह के बच्चे की मौत के आरोपी फर्जी डॉक्टर पप्पू बघेल ने अमोलपठा में फिर से अवैध क्लीनिक खोल लिया था। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक को सील कर दिया।
सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर के अनुसार, अमोलपठा में पप्पू बघेल बिना पंजीयन और योग्य प्रमाण पत्र के मरीजों का इलाज कर रहा था। निरीक्षण के दौरान क्लीनिक में मरीजों का इलाज होते पाया गया और दवाइयां भी मिलीं। जब पंजीयन मांगा गया, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने तत्काल क्लीनिक सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।़
गौरतलब है कि 19 मई 2025 को पप्पू बघेल के इलाज से उड़वाहा गांव निवासी आठ माह के सुखवीर आदिवासी की मौत हो गई थी। उस समय क्लीनिक सील कर पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन बच्चे के पिता के बयान बदलने के कारण पप्पू बच निकला और अब दोबारा क्लीनिक खोल लिया था। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को करैरा ब्लॉक के अमोलपठा के अलावा प्राथमिक अस्पताल के सामने एक अन्य अवैध क्लीनिक भी सील किया है। वहीं, बैराड़ में गलत इलाज से एक मरीज की हालत बिगड़ने पर वहां भी एक अवैध क्लीनिक को सील किया गया। इससे पहले 12 सितंबर को छर्च में फर्जी डॉक्टर की लापरवाही से 30 वर्षीय महिला की मौत हो चुकी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बरतनी शुरू की है।